BJP Protest: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद देश की राजनीति में घमासान मच गया है। भारतीय जनता पार्टी ने इस बयान के विरोध में कई राज्यों में प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं। पटना, दिल्ली, जयपुर और चंडीगढ़ समेत कई शहरों में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की। बीजेपी ने खरगे के साथ राहुल गांधी से भी माफी मांगने की मांग उठाई है।
बीजेपी का तंज- मोदी कहीं नहीं जाएंगे
बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके कांग्रेस पर निशाना साधा। पार्टी ने लिखा, ‘डियर खरगे, मोदी कहीं नहीं जाएगा। उन्हें तीसरी बार प्रधानमंत्री चुना गया है। उनके पास हमारे वोट हैं ब्रो, जो आपके आका को कभी नहीं मिलेगा।’ इस पोस्ट के जरिए बीजेपी ने प्रधानमंत्री मोदी के जनसमर्थन का हवाला देते हुए कांग्रेस पर तंज कसा। पटना में एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री को लेकर की गई खरगे की कथित टिप्पणी के विरोध में बीजेपी ने देशव्यापी प्रदर्शन का आह्वान किया था।
पटना में बीजेपी का जन आक्रोश मार्च, खरगे का पुतला फूंका
बिहार की राजधानी पटना में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने खरगे के बयान के खिलाफ मार्च निकाला और उनका पुतला जलाया। पार्टी का ‘जन आक्रोश मार्च’ प्रदेश बीजेपी मुख्यालय से शुरू होकर आयकर गोलंबर तक पहुंचा। यहां प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने खरगे के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला फूंका। बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी राजनीतिक मर्यादा के अनुरूप नहीं है।
जयपुर में कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने पहुंचे बीजेपी कार्यकर्ता
राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी खरगे की कथित टिप्पणी को लेकर विरोध देखने को मिला। बीजेपी कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने के लिए निकले, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़कर कांग्रेस के खिलाफ नारे लगाने लगे। बीजेपी प्रदेश मुख्यालय से चौमूं हाउस सर्किल तक प्रदेश पदाधिकारियों, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा और एससी मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
चंडीगढ़ में बैरिकेडिंग, पुलिस ने संभाला मोर्चा
चंडीगढ़ में भी बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता सेक्टर-33 स्थित बीजेपी कार्यालय से सेक्टर-34 स्थित कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़े। हालांकि, पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग करके उन्हें रोक दिया। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए वाटर कैनन भी तैनात किए गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की।
नितिन नवीन बोले- अपमानजनक भाषा कांग्रेस की विरासत
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने खरगे की कथित टिप्पणी पर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता लगातार प्रधानमंत्री और उनके परिवार को लेकर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं। नवीन ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी के बयानों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस में राजनीतिक भाषा की मर्यादा टूट रही है।
बीजेपी अध्यक्ष ने कांग्रेस पर लगाया हताशा का आरोप
नितिन नवीन ने कहा कि कांग्रेस इस समय हताशा और निराशा में है, इसलिए उसके नेता इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के करोड़ों लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्थन और आशीर्वाद दिया है। नवीन के मुताबिक, प्रधानमंत्री का अपमान करने पर जनता कांग्रेस को जवाब देती रही है और आगे भी देगी। इस विवाद के बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के संकेत हैं।
