Delhi Crime News : दिल्ली में 15 अगस्त के बाद कई प्रमुख मॉल और अस्पतालों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। मंगलवार सुबह 5 बजे मैक्स हॉस्पिटल को ई-मेल पर धमकी दी गई। सुबह 10 बजे स्टाफ ने मेल देखा और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचकर बेसमेंट और ओपीडी एरिया की जांच की, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली के कुछ अस्पतालों के साथ ही देशभर के 150 से अधिक अस्पतालों को धमकी दी गई है।
इन मॉल को मिली धमकी
दिल्ली पुलिस ने बताया कि मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी के कई शॉपिंग मॉल को बम की धमकी भरा ई-मेल मिला। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, चाणक्य मॉल, सेलेक्ट सिटीवॉक, एंबियंस मॉल, डीएलएफ, सिने पोलिस, पैसिफिक मॉल, प्राइमस हॉस्पिटल और यूनिटी ग्रुप को धमकी भरा ई-मेल मिला, जिसमें कहा गया था, “कुछ ही घंटों में विस्फोटक फट जाएगा।”
मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियां
दिल्ली पुलिस ने बताया कि जैसे ही मेल संज्ञान में आया, मॉल के अधिकारियों ने दिल्ली पुलिस को इसकी सूचना दी। दिल्ली पुलिस ने सूचना मिलने के तुरंत बाद जांच शुरू कर दी। बम निरोधक दस्ता और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं। अभी तक कोई बम नहीं मिला है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, शुरुआती जांच से ऐसा लगता है कि धमकी भरे ई-मेल भेजने में एक ही पैटर्न अपनाया गया है, जिसमें डेटलाइन का उल्लेख नहीं किया गया है। यह मेल कई मॉल और अन्य जगहों पर भेजा गया है। फिलहाल जांच चल रही है।
बताया गया कि आगे की जांच चल रही है। मामले में और जानकारी का इंतजार है। गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि 17 अगस्त को गुरुग्राम के एंबियंस मॉल में बम की धमकी मिली थी, लेकिन तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली।
