मुंबई घूमने के बहाने साथ आई थी बबीता
मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल कर रही है। पुलिस ने राधा और बबीता को कथित तौर पर हथियार पहुंचाने के मामले में गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं पहले से एक-दूसरे को जानती थीं।
पूछताछ के दौरान बबीता ने दावा किया कि राधा ने उसे मुंबई घूमने चलने के लिए कहा था। बबीता के मुताबिक, उसे घूमने का शौक था, इसलिए उसने मुंबई जाने के लिए हामी भर दी। उसका कहना है कि उसे इस यात्रा के पीछे हथियार पहुंचाने की कथित साजिश की कोई जानकारी नहीं थी।
मुंबई घूमने के लिए मिले थे 20-25 हजार रुपये
जांच के दौरान सामने आई जानकारी के मुताबिक, आरोपी कुणाल ने मुंबई घूमने के लिए राधा को 20 से 25 हजार रुपये दिए थे। बबीता ने कथित तौर पर दावा किया कि उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि मुंबई आने के पीछे कोई आपराधिक योजना हो सकती है।
होटल में पहुंचा शख्स, राधा ने सौंपा बॉक्स
बबीता के बयान के मुताबिक, मुंबई पहुंचने के बाद वह और राधा एक होटल में ठहरी थीं। इसी दौरान एक शख्स वहां आया, जिसे राधा ने कुणाल का दोस्त बताया। बबीता का दावा है कि राधा ने उस व्यक्ति को कवर में लिपटा एक बॉक्स सौंप दिया।
जब बबीता ने बॉक्स के बारे में पूछा, तो राधा ने कथित तौर पर बताया कि उसमें मेडिकल किट है और कुणाल ने उसे अपने दोस्त तक पहुंचाने के लिए कहा था।
बॉक्स को लेकर बबीता को हुआ शक
बबीता ने पूछताछ में दावा किया कि बॉक्स को लेकर उसके मन में कई सवाल उठे थे। उसने राधा से इसके बारे में बार-बार पूछा, क्योंकि उसे कुछ गड़बड़ होने का संदेह था। हालांकि, बबीता के मुताबिक, राधा हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर उसे समझाने की कोशिश करती रही।
