नेतन्याहू और आर्मी चीफ के बीच क्यों बढ़ा विवाद?
द टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के मुताबिक, चैनल 12 ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) के प्रमुख एयाल जमीर के बीच कथित टकराव की जानकारी दी है। रिपोर्ट में इसे इजरायल के राजनीतिक नेतृत्व और सैन्य कमान के बीच असाधारण विवाद बताया गया है।
दावे के मुताबिक, राजनीतिक नेतृत्व ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई का आदेश देना चाहता था, लेकिन सेना प्रमुख जमीर इस कार्रवाई को लेकर सहमत नहीं थे। उन्होंने कथित तौर पर कार्रवाई के लिए लिखित और हस्ताक्षरित कानूनी मंजूरी की मांग की।
ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई पर सेना को क्या चिंता है?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जमीर और वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को आशंका है कि चुनाव से ठीक पहले ईरान के खिलाफ कोई बड़ा सैन्य कदम इजरायल को अप्रत्याशित स्थिति में डाल सकता है। उनका मानना बताया गया है कि जल्दबाजी में लिया गया फैसला हालात का गलत आकलन करने और गंभीर परिणामों का कारण बन सकता है।
इसी वजह से सैन्य कार्रवाई की वैधानिकता, उसके संभावित परिणामों और आदेश की औपचारिक प्रक्रिया को लेकर सवाल उठने का दावा किया गया है।
चुनाव से पहले क्यों अहम है यह घटनाक्रम?
रिपोर्ट में इस कथित विवाद को इजरायल में चुनाव से पहले सामने आया महत्वपूर्ण घटनाक्रम बताया गया है। ऐसे समय में ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई का मुद्दा देश की सुरक्षा और राजनीति, दोनों के लिहाज से संवेदनशील हो सकता है।
