अरविंद मिल्स प्लांट से पूर्वांचल में रोजगार के नए अवसर
वाराणसी में शुरू हुआ अरविंद मिल्स का यह प्लांट पूर्वांचल में कंपनी की पहली बड़ी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट है। यहां स्पोर्ट्स वियर, अंडरगारमेंट और दूसरे तरह के कपड़ों का उत्पादन किया जाएगा। इस यूनिट में जॉकी, यूएस पोलो और एरो जैसे ब्रांड्स के कपड़े तैयार किए जाएंगे। प्लांट शुरू होने के बाद इसके अगले दो चरणों में भी निर्माण कार्य किए जाने की योजना है। इससे आने वाले समय में रोजगार के अवसर और बढ़ने की उम्मीद है।
इस औद्योगिक इकाई से वाराणसी के साथ-साथ आसपास के जिलों के लोगों को भी फायदा मिल सकता है। खास बात यह है कि कंपनी ने स्थानीय महिलाओं को रोजगार देने पर जोर दिया है। अब तक 300 से ज्यादा महिलाओं की भर्ती की जा चुकी है। फिलहाल इन महिलाओं को प्लांट में काम करने के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यूनिट के पूरी तरह विकसित होने के बाद हजारों लोगों के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलने की उम्मीद जताई जा रही है।
1931 से कपड़ा कारोबार में सक्रिय है अरविंद मिल्स
अरविंद मिल्स की स्थापना साल 1931 में हुई थी। कंपनी का मुख्यालय गुजरात के अहमदाबाद में है और यह लंबे समय से कपड़ा एवं परिधान निर्माण के क्षेत्र में काम कर रही है। कंपनी का कारोबार केवल कपड़े बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि धागे और फैब्रिक से लेकर तैयार परिधान और औद्योगिक इस्तेमाल के विशेष कपड़ों तक फैला हुआ है।
कंपनी डेनिम, सूती, लिनेन, सूटिंग फैब्रिक और स्पोर्ट्स वियर जैसे उत्पाद तैयार करती है। इसके अलावा, यह देश और विदेश के कई परिधान ब्रांड्स को भी फैब्रिक उपलब्ध कराती है। वाराणसी में नई यूनिट शुरू होने से कपड़ा निर्माण के क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर नए अवसर पैदा हो सकते हैं। साथ ही, पूर्वांचल में कपड़ा और परिधान उद्योग से जुड़े दूसरे कारोबारों को भी गति मिलने की संभावना है।
पीएम मोदी ने महिलाओं से जाना काम का अनुभव
प्लांट के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कंपनी के अधिकारियों से उत्पादन प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। उन्होंने वहां तैयार किए जा रहे कपड़ों, खादी के परिधानों और उन्हें बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के बारे में भी पूछा। इसके बाद प्रधानमंत्री ने ‘अपना हुनर, अपनी पहचान’ पहल के तहत प्रशिक्षण ले रही महिलाओं से बातचीत की।
इस दौरान उन्होंने महिलाओं से उनके काम, प्रशिक्षण के अनुभव और कामकाज के दौरान आने वाली चुनौतियों के बारे में जानकारी हासिल की। प्रधानमंत्री ने कंपनी की ओर से लगाए गए कपड़ों के प्रदर्शनी स्टॉल का भी जायजा लिया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। खोचवां पहुंचने पर हेलीपैड पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
वाराणसी में गंगा के ऊपर वायुसेना के एयर शो के भी बने साक्षी
वाराणसी दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नमो घाट पर आयोजित भारतीय वायुसेना के हवाई प्रदर्शन के भी साक्षी बने। भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम की थीम ‘गंगा के ऊपर उड़ान’ रखी गई है। इस एयर शो में गंगा के ऊपर विमानों का प्रदर्शन कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।
इस तरह प्रधानमंत्री का वाराणसी दौरा औद्योगिक विकास, रोजगार और वायुसेना के हवाई प्रदर्शन जैसे कई अहम आयोजनों से जुड़ा रहा। अरविंद मिल्स के नए प्लांट से जहां पूर्वांचल में कपड़ा उद्योग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, वहीं स्थानीय महिलाओं और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी तैयार हो सकते हैं।
