सोमवार सुबह करीब आठ बजे से गंगा के ऊपर विमानों की आवाजाही शुरू हुई। घाटों पर मौजूद लोगों और आसपास के घरों की छतों से लोगों ने विमानों के करतब देखे और मोबाइल में कैद किए। विमानों की आवाज गाजीपुर और चंदौली के कई इलाकों में भी सुनाई दी। दिन में करीब तीन बजे तक यह गतिविधियां जारी रहीं।
एयर शो के लिए घाटों पर कड़ी सुरक्षा, नावों का संचालन बंद
एयर शो को देखते हुए वाराणसी के घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। कई घाटों पर छावनी जैसा माहौल है और जिले में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। गंगा पार रेती में लोगों के बैठने वाली जगहों पर भी करीब 20 से 30 मीटर की दूरी पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
रिहर्सल के दौरान गंगा में नावों का संचालन पूरी तरह बंद रखा गया। वायुसेना के अधिकारी भी शहर में डेरा डाले हुए हैं। अधिकारियों के काफिले लगातार नमो घाट की ओर आते-जाते दिखाई दिए। काफिले के गुजरने के दौरान कुछ समय के लिए दूसरे वाहनों की आवाजाही भी रोक दी गई। इसके अलावा होटल, लॉज और सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी बढ़ाई गई है। बाहर से आने वाले लोगों के बारे में खुफिया एजेंसियां जानकारी जुटा रही हैं।
22, 24 और 25 अक्टूबर को दिखेगा ‘विंग्स ओवर गंगा’ का जलवा
वाराणसी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को ‘विंग्स ओवर गंगा’ थीम पर भव्य एयर शो प्रस्तावित है। 21 अक्टूबर को ग्रैंड रिहर्सल की तैयारी की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। 25 अक्टूबर को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य वीवीआईपी के आने को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं।
एयर शो के विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी वायुसेना के अधिकारी मीडिया ब्रीफिंग में देंगे। इसमें विमानों के प्रदर्शन का समय और कार्यक्रम में शामिल होने वाली टीमों की जानकारी दी जाएगी। सूर्य किरण एरोबेटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर टीम के प्रदर्शन भी खास आकर्षण रहने की उम्मीद है।
तेजस, राफेल से लेकर चिनूक तक दिखेगी वायुसेना की ताकत
एयर शो की तैयारियों के तहत अलग-अलग एयरबेस से विमान और हेलीकॉप्टर उड़ान भर रहे हैं। बाबतपुर, प्रयागराज, गाजीपुर की अंधऊ हवाई पट्टी और गोरखपुर से संचालन की व्यवस्था की गई है। गाजीपुर से चिनूक और हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर की उड़ान भी तैयारियों का हिस्सा है। तेजस और राफेल की तेज रफ्तार उड़ान, ऊंचाई पर चढ़ने और दिशा बदलने जैसे करतब दर्शकों को रोमांचित करेंगे।
एयरपोर्ट से नमो घाट तक सज रही काशी
एयर शो के साथ काशी को सुंदर रूप देने का काम भी तेजी से चल रहा है। बाबतपुर एयरपोर्ट से नमो घाट तक सड़कों, फ्लाईओवर, पुलों, डिवाइडरों और दीवारों को सजाया जा रहा है। दीवारों पर गंगा की लहरें, घाट, गंगा आरती और सुबह-ए-बनारस से जुड़े चित्र बनाए जा रहे हैं।
चौकाघाट से नमो घाट तक दुकानों और भवनों को एक जैसे रंग में रंगा जा रहा है। पेड़ों पर फसाड लाइटिंग, बिजली के खंभों पर स्ट्रिप लाइट और सड़कों पर आकर्षक रोशनी लगाई जा रही है। डिवाइडरों पर डमरू, त्रिशूल और ॐ के प्रतीकों वाले झंडे लगाए जाएंगे। चौकाघाट पुल पर मंदिर जैसे दिखने वाले सजावटी खंभे भी लगाए जा रहे हैं।
सुरक्षा के साथ काशी की संस्कृति भी आएगी नजर
एयर शो के लिए प्रशासन की तैयारी सिर्फ सुरक्षा तक सीमित नहीं है। शहर की दीवारों और प्रमुख रास्तों पर काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को उकेरा जा रहा है। कोशिश है कि एयर शो देखने आने वाले लोगों को आसमान में वायुसेना की ताकत के साथ जमीन पर काशी की खूबसूरती और परंपरा की झलक भी देखने को मिले।
