Paris Olympic 2024: भारत की दिग्गज महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ने पेरिस ओलंपिक 2024 में अपनी यात्रा के समाप्त होने के बाद भावनात्मक टिप्पणी की है। प्री-क्वार्टर फाइनल में उन्हें चीन की खिलाड़ी ही बिंग जिओ ने हराया, जिससे उनका ओलंपिक मेडल की हैट्रिक लगाने का सपना अधूरा रह गया। सिंधू ने इस हार के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें यह सुनिश्चित नहीं है कि वह लॉस एंजेल्स में होने वाले अगले ओलंपिक 2028 तक खेल सकेंगी या नहीं। उनकी यह चिंता उनके करियर की अनिश्चितता को उजागर करती है, खासकर जब उन्होंने पिछले दो ओलंपिक खेलों में पदक जीते थे।
रिटायरमेंट की कोई पुष्टि नहीं की
सिंधू ने अपनी भावनाओं को साझा करते हुए कहा, “यह बहुत निराशाजनक है कि मैं इस बार मेडल जीतने में सफल नहीं हो पाई। अगले चार वर्षों में मैं किस स्थिति में रहूंगी, यह कहना मुश्किल है। फिलहाल, मुझे अपने करियर के भविष्य के बारे में गंभीरता से सोचना होगा।”सिंधू की यह टिप्पणी उनकी खेल यात्रा के भविष्य को लेकर उठ रहे सवालों को और स्पष्ट करती है। हालांकि उन्होंने इस समय अपने रिटायरमेंट की कोई पुष्टि नहीं की है, लेकिन उनके प्रशंसक और खेल विशेषज्ञ इस बात को लेकर आश्वस्त नहीं हैं कि वह अगले ओलंपिक खेलों में खेल पाएंगी या नहीं।
अपने रंग में नजर नहीं आईं सिंधू
पीवी सिंधू और ही बिंग जाओ के बीच पहले गेम में कड़ी टक्कर देखने को मिली। 30 मिनट तक चले पहले गेम में चीनी खिलाड़ी को सिंधू ने कड़ी टक्कर दी लेकिन अंत में उन्हें 19-21 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। दूसरे गेम में भी सिंधू शुरुआत में ही पिछड़ गईं और उस बढ़त को अंत तक पाटने में नाकाम नहीं। जाओ ने 26 मिनट में 21-14 से पटखनी देकर गेम और मैच दोनों अपने नाम कर लिया। सिंधू चीनी खिलाड़ी के सामने प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में फीकी नजर आईं।
पिछले दो ओलंपिक में जीते थे मेडल
गौरतलब है कि पीवी सिंधु ने पिछले दोनों ओलंपिक में मेडल जीते थे. 2016 के रियो ओलंपिक में भारतीय शटलर ने सिल्वर मेडल जीता था. इसके अलावा 2020 को टोक्यो ओलंपिक में सिंधु ने ब्रॉन्ज मेडल पर कब्ज़ा किया था. इस बार पेरिस ओलंपिक में उनसे गोल्ड मेडल की उम्मीद की जा रही थी. हालांकि इस ओलंपिक में उनके हाथ कोई भी मेडल नहीं लग सका.
