Raebareli Arjun Murder:रायबरेली के नसीराबाद के सिसनी भुवालपुर गांव में 11 अगस्त की रात अर्जुन पासी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के आरोप में पुलिस ने छह आरोपियों को जेल भेज दिया है, लेकिन मुख्य आरोपी विशाल प्रताप सिंह अभी भी फरार है। इस स्थिति को लेकर परिवारजनों और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। इसके परिणामस्वरूप अब राजनीतिक बयानबाजी और सियासत भी शुरू हो गई है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, स्थानीय नेताओं और राजनीतिक दलों ने पुलिस की कार्रवाई की आलोचना की है और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
एसपी पर लगाया मास्टरमाइंड को बचाने का आरोप
राहुल गांधी ने कहा कि एक व्यक्ति को जान से मारा गया है और कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। जो मास्टरमाइंड है, जिन्होंने घटना कराया है, उनपर कार्रवाई नहीं हो रही है। रायबरेली के एसपी यहां के मास्टरमाइंड पर कार्रवाई नहीं कर रहे हैं, यही कारण है कि लोग नाराज हैं। उन्होंने कहा कि इसीलिए मैं यहां आया हूं। जब तक परिवार को न्याय नहीं मिलेगा, हम इस मामले को छोड़ने वाले नहीं हैं। इस दौरान मौजूद भीड़ राहुल गांधी जिन्दाबाद व अर्जुन के हत्यारों को फांसी दो के नारे लगा रही थी।
अर्जुन की गोली मारकर कर दी गई थी हत्या
बता दें कि 11 अगस्त की रात गांव निवासी अर्जुन सरोज की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। युवक की हत्या के बाद परिवारजन, कई संगठनों समेत ग्रामीणों ने गांव में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर कलेक्ट्रेट में भी प्रदर्शन किया। मामले में मृतक की मां की तहरीर पर पुलिस ने सात नामजद समेत 12 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है, जिनमें से छह आरोपितों को पुलिस ने जेल भेज दिया है, जबकि एक आरोपित विशाल सिंह अभी भी पुलिस की पहुंच से दूर है।
