Independence Day 2024::78वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दुनियाभर के कई देशों के नेताओं ने भारत को शुभकामनाएं दी हैं। अमेरिका, इटली, मालदीव और अन्य देशों के नेताओं ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और भारतीय नागरिकों को बधाई दी। इन शुभकामनाओं के साथ ही नेताओं ने भारत के साथ अपने संबंधों को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। यह संदेश वैश्विक स्तर पर भारत के बढ़ते प्रभाव और उसकी भूमिका की पुष्टि करता है।
भूटान के पीएम ने भी दी बधाई
नेपाल की विदेश मंत्री डॉ. आरजू राणा देउबा ने भी एक्स पर लिखा, ‘भारत के 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मैं एस जयशंकर और भारत के लोगों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं देना चाहती हूं।’ उन्होंने दोनों देशों के संबंधों का जिक्र करते हुए कहा, ‘नेपाल और भारत के बीच दोस्ती और सहयोग के रिश्ते मजबूत होते रहें। भारत के लोगों के लिए शांति, समृद्धि और प्रगति की कामना करती हूं।’
प्रगाढ़ हुई है हमारी मित्रता: मुइज्जु
मुइज्जु ने कहा, ‘हमारी स्थायी मित्रता मालदीव और क्षेत्र में समृद्धि एवं विकास को बढ़ावा देने के साथ प्रगाढ़ हुई है। मुझे विश्वास है कि हमारी साझेदारी और मजबूत होगी, जिससे आपसी समृद्धि और साझा लक्ष्य प्राप्त होंगे।’ जयशंकर ने पिछले सप्ताह मालदीव के साथ भारत के द्विपक्षीय संबंधों को फिर से बेहतर बनाने के लिए दक्षिण एशियाई देश की यात्रा की थी।
अमेरिका-भारत रणनीतिक संबंधों के उज्ज्वल भविष्य की संभावना जताते हुए अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने कहा कि दोनों देशों के बीच गहरा रिश्ता है, जो लोकतंत्र, स्वतंत्रता और मानवीय गरिमा के प्रति उनकी साझा प्रतिबद्धता पर आधारित है। ब्लिंकन ने भारत के स्वतंत्रता दिवस से पहले देश के लोगों को बधाई देते हुए एक बयान में कहा, ‘इस महत्वपूर्ण दिन पर हम अमेरिका-भारत संबंधों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।’
