भारत-बांग्लादेश सीमा पर बीएसएफ का हाई अलर्ट; हिंदू समुदाय पर हमलों को लेकर शशि थरूर ने जताई चिंता”

Bangladesh Protests हाल ही में बांग्लादेश में हुए तख्तापलट के कारण भारत-बांग्लादेश सीमा पर बीएसएफ ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। बांग्लादेश के सेना प्रमुख जनरल वेकर-उज-जमान ने घोषणा की है कि एक अंतरिम सरकार कार्यभार संभालेगी, और बांग्लादेश के छात्र आंदोलन के आयोजकों ने नोबेल विजेता मुहम्मद यूनुस को अंतरिम सरकार का मुख्य सलाहकार बनाने का प्रस्ताव रखा है।इस बीच, बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय पर हमले बढ़ गए हैं। मंगलवार तड़के कुछ प्रदर्शनकारियों ने हिंदू अल्पसंख्यकों पर हमला किया, जिसमें दो हिंदू काउंसलर की मौत हो गई। हिंदू मंदिरों और समुदाय पर लगातार हमले हो रहे हैं। इस स्थिति को लेकर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने चिंता जाहिर की है।

बांग्लादेश से कुछ परेशान करने वाली खबरें आ रही: शशि थरूर

बांग्लादेश के मौजूदा हालात पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि भारत,बांग्लादेश के लोगों के साथ खड़ा है। बांग्लादेश से कुछ परेशान करने वाली खबरें आ रही हैं, हिंदुओं के घरों, मंदिरों और व्यक्तियों पर हमले की। हम सभी ने कल लूटपाट की तस्वीरें देखीं। हो सकता है कि कुछ दिनों में स्थिति शांत हो जाए और स्थिर हो जाए, अगर ऐसा नहीं होता है, तो शरणार्थियों के हमारे देश में भाग जाने का भी जोखिम है और यह गंभीर चिंता का विषय होगा।
कांग्रेस सांसद ने आगे कहा,”मुझे उम्मीद है कि हमारे उच्चायुक्त और हमारे कर्मचारी सुरक्षित हैं और स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। हम अभी भी नहीं जानते कि अंतरिम सरकार में कौन होगा। जमात-ए-इस्लामी के बढ़ते प्रभाव के बारे में भारत में कुछ समझ में आने वाली चिंताएं हैं, जिसने अतीत में भारत के प्रति बहुत शत्रुतापूर्ण रवैया अपनाया है।

बांग्लादेश की हिंसा पर भाजपा ने जताई चिंता

बांग्लादेश के हालात पर भाजपा नेता राम कदम ने चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हमारे लोगों पर अत्याचार हो रहे हैं, उनकी हत्या की जा रही है और हमारे मंदिरों को नष्ट किया जा रहा है। इस मामले पर उद्धव ठाकरे की चुप्पी का क्या कारण है? क्या वह बांग्लादेशी घुसपैठियों से वोट पाने के लिए चुप हैं या कोई और कारण है। यह नकली शिवसेना (UBT) है जिसने अपनी जीत के लिए पाकिस्तानी झंडे उठाए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *