Wayanad landslide tragedy: देश के प्रमुख उद्योगपतियों में से एक और दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति गौतम अडानी ने केरल के वायनाड में हुए प्राकृतिक हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों के लिए केरल के राहत कोष में 5 करोड़ रुपये दान करने का ऐलान किया है।
सोशल मीडिया पर अडानी का संदेश
अडानी समूह के प्रमुख गौतम अडानी ने इस हादसे के बारे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बुधवार को एक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा, “वायनाड में लोगों की जानें जाने से काफी दुखी हूं। अडानी समूह इस मुश्किल समय में केरल के साथ मजबूती से खड़ा है। हम विनम्रता के साथ केरल के मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में 5 करोड़ रुपये का योगदान देकर अपना सहयोग दे रहे हैं।”
भूस्खलन की गंभीरता और राहत कार्य
केरल के वायनाड में भूस्खलन के हादसे में बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। अब तक कम से कम 150 लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग प्रभावित हुए हैं। दक्षिणी राज्य कुछ दिनों से भारी बारिश की चपेट में है, जिसके चलते वायनाड जिले में चार घंटे के भीतर भूस्खलन के तीन बड़े मामले सामने आए। 24 घंटे के भीतर 372 एमएम से ज्यादा बारिश को इन भूस्खलनों के लिए जिम्मेदार माना जा रहा है।
सेना की मदद और राहत प्रयास
हादसे की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए सेना की मदद ली जा रही है। भूस्खलन से प्रभावित इलाकों से 1,000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, लेकिन अभी भी सैकड़ों लोग फंसे हुए हो सकते हैं। सेना के साथ मिलकर अन्य सरकारी एजेंसियां प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव के कार्यों में लगी हुई हैं। आशंका है कि जान-माल के नुकसान का आंकड़ा और बढ़ सकता है।
केरल में अडानी समूह की महत्वपूर्ण परियोजनाएं
अडानी समूह के हवाई जहाज से लेकर बंदरगाह तक विभिन्न क्षेत्रों में पसरे कारोबार में केरल एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। अडानी समूह केरल में देश का पहला डीप-सी ट्रांसशिपमेंट पोर्ट बना रहा है। यह पोर्ट विझिंजम में बन रहा है और इसमें 20,000 करोड़ रुपये के निवेश का अनुमान है। इस पोर्ट को अडानी समूह की कंपनी अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन डेवलप कर रही है।
