Uttarakhand Cloud Burst:उत्तराखंड के टिहरी और रुद्रप्रयाग जिलों में बुधवार शाम मौसम ने अचानक करवट बदली और तेज बारिश के चलते बादल फट गए। इस आपदा का सबसे अधिक असर टिहरी जिले के घनसाली क्षेत्र में देखने को मिला, जहां गदेरे में आई बाढ़ ने बड़ा नुकसान किया।बाढ़ के कारण सड़क किनारे स्थित एक रेस्टोरेंट और करीब आठ से दस वाहन बह गए। इस दुर्घटना में रेस्टोरेंट के मालिक, उनकी पत्नी और उनके बेटे की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलने के बाद बचाव और राहत कार्य तुरंत शुरू कर दिए गए हैं।स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और नुकसान का आकलन करने के लिए राहत कार्यों को तेज कर दिया है। मौसम विभाग ने आगे के दिनों में भी सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है और लोगों को किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार रहने की सलाह दी है।
टिहरी में बादल फटा
टिहरी जिले में बादल फटने की घटना हुई है. बादल फटने से एक परिवार के तीन लोग मलबे की चपेट में आ गए. रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद इनका पता लगाया तो इनमें से दो लोगों की मौत हो चुकी थी. दोनों के शव बरामद हो चुके हैं. मृतकों में जखन्याली के सरोली तोक निवासी भानु प्रसाद 50 वर्ष और उनकी पत्नी नीलम देवी 45 वर्ष के शव बरामद हो चुके हैं. उनका पुत्र विपिन 28 वर्ष घायल अवस्था में मिला है. इन लोगों के रेस्क्यू के लिए एसडीआरएफ को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. घायल विपिन करीब 200 मीटर गहरी खाई में मिला. जहां से उसे रेस्क्यू करके पिलखी अस्पताल पहुंचाया गया.
मलबे में दबकर तीन लोगों की मौत
पिलखी अस्पताल के डॉक्टरों ने हालत नाजुक होने पर विपिन को हायर सेंटर रेफर कर दिया. विपिन को रात 2 बजे पिलखी से हायर सेंटर एम्स ऋषिकेश ले जाया जा रहा था. सभी आपातकालीन प्रयास और उपचार देने के बावजूद दुर्भाग्य से विपिन को बचाया नहीं जा सका. विपिन ने डैम टॉप के निकट दम तोड़ दिया. उसकी बॉडी को जिला अस्पताल बौराड़ी में लाया गया है. इस तरह एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. इसके साथ ही नौताड़ गदेरे में जहां बादल फटने से होटल बहा है, वहां 5-6 गाड़ियों के बहने की भी सूचना प्राप्त हुई है. सर्च आपरेशन जारी है. लोगों को अलर्ट रहने के निर्देश दिये गये हैं.
