Bihar News:बिहार के सुपौल जिले में त्रिवेणीगंज के लालपट्टी स्थित सेंट जॉन बोर्डिंग स्कूल में आज एक चौंकाने वाली घटना घटी। नर्सरी क्लास में पढ़ रहा 5 साल का बच्चा अपने बैग में हथियार लेकर स्कूल पहुंचा था। प्राथना से पहले नर्सरी के छात्र ने तीसरी क्लास के 10 वर्षीय स्टूडेंट आसिफ पर गोली चला दी। गोली आसिफ के बाएं हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया
घायल छात्र के परिजन ने बताया कि स्कूल के प्रिंसिपल ने सूचना दी कि आपके बच्चे को गोली लगी है. इसे अस्पलाल में भर्ती कराया गया है. जल्द से जल्द आ जाइए. तुरंत घरवाले अस्पताल गए. बच्चा जख्मी हाल में था. डॉक्टर ने उन्हें बताया कि घबराने की जरूरत नहीं है, उसकी हालत खतरे से बाहर है. जल्द ही ठीक हो जाएगा.
मामा ने बताई पूरी कहानी
घायल बच्चे के मामा ने बताया कि उनका भांजा सेंट जॉन बोर्डिंग स्कूल में पढ़ता है. बच्चा जब स्कूल पहुंचा तो सबसे पहले वह प्रेयर में गया, उसके बाद अपने क्लास में गया. क्लास में गया तो मुकेश कुमार यादव के बेटे ने भांजे को गोली मार दी. भांजे का आरोपी लड़के के साथ किसी प्रकार का लड़ाई-झगड़ा नहीं हुआ था. उन्होंने बताया कि बच्चे ने पहले कमर में गोली मारने की कोशिश की. लेकिन हाथ में गोली लग गई. गोली लगने के बाद स्कूल के प्रिंसिपल ने पिस्टल को अपने कब्जे में ले लिया और लड़के के माता-पिता को बुलाया गया.
गोली चलाने वाले लड़के का पिता स्कूल पहुंचा और प्रिंसिपल के कमरे में टेबल पर रखी बंदूक को देखा. टेबल पर बंदूक और मैगजीन अलग-अलग रखी हुई थी. उसने बंदूक पर झपट्टा मारा और बच्चे को लेकर वहां से दीवार फांदकर फरार हो गया. जिस बाइक से वह स्कूल पहुंचा था, वह अभी भी स्कूल में ही है. घायल बच्चा 2 साल से स्कूल में पढ़ रहा है. उसके बाए हाथ में गोली लगी है.
सदमे में घरवाले
घायल छात्र के परिजन ने स्कूल प्रशासन और पुलिस से इस मामले की पूरी जांच की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके. इस घटना के बाद से पीड़ित बच्चे के घरवाले सदमे में हैं. उन्हें विश्वास नहीं हो रहा है कि एक छोटा बच्चा इस तरह की हरकत को अंजाम देगा. घरवालों ने मांग की है कि आरोपी बच्चे के माता-पिता से भी पूछताछ की जाए.
