Noida Fire News : दिल्ली से सटे नोएडा में बुधवार सुबह सुबह बड़ा हादसा हो गया। सेक्टर 8 स्थित झुग्गियों में आग लगने से तीन बच्चियों की मौत हो गई। अग्निकांड में बच्चियों के माता और पिता भी झुलस गए हैं। उन्हें इलाज के लिए पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाद में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रिफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर बताई है। हादसे के पीछे की वजह बैटरी को चार्ज करते समय शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है।
भीषण आग लग गई
जानकारी के अनुसार, नोएडा के थाना फेस-1 क्षेत्र के सेक्टर-8 बिजली घर के पास एक झुग्गी में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से 32 वर्षीय दौलत राम और उसकी तीन बेटियां बुरी तरह झुलस गए। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया। वहीं दौलतराम को इलाज के लिए हायर सेंटर सफदरगंज दिल्ली रेफर कर दिया गया है।
तीनों बच्चियों की मौत
पुलिस के मुताबिक- तीनों बच्चियां परिवार के साथ झोपड़ी के अंदर सो रही थीं. बच्चियां बेड पर और माता-पिता जमीन पर सो रहे थे. आग ने मिनटों में विकराल रूप ले लिया, जिससे तीनों बच्चियां आस्था (उम्र 10 वर्ष), नैना (उम्र 7 वर्ष) और आराध्या (उम्र 5 वर्ष) आग में झुलस गए. तीनों की इससे मौत हो गई. वहीं बच्चियों के पिता दौलत राम (32) को गंभीर हालत में सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है. घर का सारा सामान भी जलकर राख हो गया है.
बैटरी चार्ज होने के दौरान हुआ शार्ट सर्किट
पुलिस जांच में पता चला है कि झोपड़ी में बैटरी चार्ज हो रही थी। आशंका जताई गई है कि चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट हुआ और उसमें आग लग गई। तेजी से फैली आग ने पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। बच्चियां बेड पर जबकि माता-पिता जमीन पर सो रहे थे। किसी को उठने का मौका तक नहीं मिला।
