Dawood Shaikh Arrested :नवी मुंबई के उरन इलाके में यशश्री शिंदे नाम की युवती की दर्दनाक तरीके से हत्या के बाद आक्रोश का माहौल है। अब नवी मुंबई पुलिस ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी दाऊद शेख को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, नवी मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने दाऊद शेख को कर्नाटक के गुलबर्गा जिले के शाहपुर पहाड़ी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि प्रेम प्रसंग को लेकर युवती की हत्या की गई है। हालांकि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
आरोपी हिरासत में..
नवी मुंबई पुलिस ने इस मामले में दाऊद शेख से पहले कर्नाटक के रहने वाले मोहसिन (Mohsin) को हिरासत में लिया था। पुलिस को फोन कॉल डिटेल से पता चला कि मोहसिन लगातार यशश्री के संपर्क में था। पुलिस को शक है कि इस हत्याकांड में मुख्य आरोपी के साथ मोहसिन भी शामिल हो सकता है। दाऊद से उसके कनेक्शन की जांच की जा रही है। इसलिए मोहसिन को आगे की पूछताछ के लिए आज उरण लाए जाने की संभावना है।
रेप नहीं हुआ था
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि पीड़ित लड़की के साथ बलात्कार नहीं हुआ था। हत्यारे ने चाकू से कई वार कर उसे मौत के घाट उतारा है। बाद में कुछ कुत्तों ने शव को नोचा है। शरीर के कुछ हिस्से को जानवर खा गए है। यशश्री के चेहरे, शरीर और प्राइवेट पार्ट्स पर गहरे घाव है। बताया जा रहा है कि शव के चेहरे, छाती और गुप्तांगों पर चोटें थीं। परिजनों ने शव की पहचान कपड़े और टैटू से की।
क्या है मामल?
दरअसल, बीते 25 जुलाई को नवी मुंबई के उरन पुलिस स्टेशन में यशश्री शिंदे के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए खोजबीन शुरू की। पुलिस के कहने पर परिजन एक पेट्रोल पंप के पास गए जहां एक लड़की का शव बेहद दयनीय अवस्था में पड़ा हुआ था। उसका चेहरा पूरी तरह से खराब कर दिया गया था। कपड़ों और लड़की के शरीर को देखकर उन्होंने पुलिस को यह जानकारी दी कि वह उनकी बेटी है।
