Double Murder In ShahjahanpurNews : UP के शाहजहांपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां एक दिन पहले अपनी हत्या की आशंका जताने वाले व्यक्ति की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। उसकी बेटी भी गोलियों से छलनी कर दी। बड़े भाई ने अपने बेटों के साथ घर में अंधाधुंध गोलियां चलाईं। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव रखकर जाम लगा दिया। पुलिस से लोगों की बहस भी हुई। पुलिस की टीम मौके पर है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष आए दिन किसी न किसी बात पर झगड़ा करते रहते थे. मंगलवार सुबह भी छोटी सी बात पर झगड़ा हुआ और छोटे भाई ने लाइसेंसी बंदूक से भाई व भतीजी को गोली मार दी.
भाईयों में होता था झगड़ा
शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में श्रीपाल (50) व उनका छोटा भाई गुड्डू अगल-बगल में ही मकान बनाकर रहते हैं. दोनों ने कोल्हू लगा रखा है. मकान के बाहर खाली पड़ी जमीन और कभी ग्राहकों को लेकर दोनों भाई आए दिन झगड़ते रहते थे. सोमवार को भी दोनों भाइयों में झगड़ा हुआ था. बात पुलिस तक पहुंची और दोनों थाने पहुंच गए. पुलिस ने सुनवाई की और फिर दोनों परिवारों को वापस भेज दिया.
एसपी पहुंचे मौके पर
डबल मर्डर और जाम की सूचना मिलने पर एसपी अशोक कुमार मीणा भी मौके पर पहुंच गए. उन्होंने किसी तरह आक्रोशित लोगों को शांत कराया और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कराने का भरोसा दिलाया. बताया जा रहा है कि पुलिस ने सोमवार को श्रीपाल और गुड्डू के झगड़े के बाद एक पक्ष को थाने पर रोक लिया था. एक पक्षीय कार्रवाई से भी लोगों में नाराजगी है.
क्या है मामला?
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह फिर से दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. पहले कहासुनी हुई फिर हाथापाई भी होने लगी. इसी बीच गुड्डू अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाल लाया और फायरिंग शुरूकर दी. इसमें श्रीपाल को दो गोली और उसकी 20 साल बेटी सरस्वती को एक गोली लगी. इसके बाद गुड्डू वहां से भाग निकला. इसी बीच परिवारीजन दोनों घायलों को लेकर सीएचसी पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद पिता व बेटी को मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद परिवारीजनों ने पिता-पुत्री का शव बीसलपुर मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया.
