Delhi: दिल्ली के राजेंद्र नगर इलाके में शनिवार शाम हुई बारिश के बाद एक कोचिंग इंस्टीट्यूट के बेसमेंट में पानी भरने से तीन छात्राओं की मौत के मामले में भाजपा ने आम आदमी पार्टी (आप) की अरविंद केजरीवाल सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। भाजपा ने इस घटना को हादसा नहीं, बल्कि हत्या करार देते हुए आरोप लगाया है कि यह आपराधिक लापरवाही का परिणाम है।
शहजाद पूनावाला की कड़ी प्रतिक्रिया
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने इस हादसे पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यह घटना हादसा नहीं, बल्कि आम आदमी पार्टी द्वारा की गई हत्या है। राजेंद्र नगर में जिस प्रकार से एक प्रसिद्ध कोचिंग क्लास के बेसमेंट में पानी भरने से तीन बच्चियों की जान चली गई है, वह आपराधिक लापरवाही का उदाहरण है। अब सवाल उठता है कि इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?”
छात्र की करंट लगने से मौत का किया उल्लेख
पूनावाला ने इस सप्ताह दिल्ली के पटेल नगर में यूपीएससी की तैयारी कर रहे एक छात्र की करंट लगने से मौत का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, “इस प्रकार की घटनाएं लगातार हो रही हैं। क्या दिल्लीवासियों की जान की कोई कीमत नहीं है? अरविंद केजरीवाल और आप सरकार की पूरी प्राथमिकता केवल प्रेस कांफ्रेंस करना, विज्ञापन देना और दोषारोपण करना रह गया है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में हर बारिश के बाद जलभराव की स्थिति गंभीर हो जाती है, जो जानलेवा साबित हो रही है। पूनावाला ने कहा कि इस स्थिति के लिए पूरी तरह से आम आदमी पार्टी जिम्मेदार है। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी और कहा, “राजेंद्र नगर में दिल दहला देने वाली तस्वीर देखने को मिली है। पिछले पांच दिनों में इस तरह की पांच मौतें हो चुकी हैं— कभी बिजली के शॉक लगने से तो कभी बेसमेंट में जलभराव के कारण।”
‘भ्रष्टाचार के तहत दुरुपयोग किया गया’
सिरसा ने आरोप लगाया कि दिल्ली में नालों की सफाई के लिए आवंटित पैसे का भ्रष्टाचार के तहत दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने कहा, “आम आदमी पार्टी की लूट और दिल्ली के भ्रष्टाचार का यह स्पष्ट उदाहरण है। दिल्ली सरकार, अरविंद केजरीवाल और उनके मंत्रियों ने नालों की सफाई के लिए दिए गए पैसे को गप कर लिया है। एक घंटे की बारिश के बाद पूरी दिल्ली जलमग्न हो जाती है।”
जांच की घोषणा पर सवाल उठाया
सिरसा ने दिल्ली की मंत्री आतिशी द्वारा जांच की घोषणा पर भी सवाल उठाया और कहा, “जांच तो उन लोगों की होनी चाहिए जिन्होंने दिल्ली के पैसे को लूट लिया और लोगों की जान जोखिम में डाल दी। यह हत्या है, और इसकी जिम्मेदारी पूरी तरह से दिल्ली की आप सरकार की है।”
