ममता बनर्जी का माइक बंद करने का दावा झूठा: निर्मला सीतारमण ने कहा सबने सुनी उनकी बात

Nitiayog beathak: नीति आयोग की बैठक में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के माइक को बंद करने का मामला अब और अधिक गर्माता जा रहा है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए ममता बनर्जी के दावे को पूरी तरह झूठा बताया है!

केंद्रीय वित्त मंत्री के इस बयान के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। विभिन्न दलों के नेता इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं और इस विवाद को लेकर स्थिति और अधिक जटिल हो गई है।

“सभी ने उनकी बात सुनी”

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि ममता बनर्जी का यह दावा पूरी तरह से झूठ है कि उनका माइक्रोफोन बंद कर दिया गया था। बैठक में प्रत्येक मुख्यमंत्री को बोलने के लिए उचित समय दिया गया था। सीएम ममता बनर्जी नीति आयोग की बैठक में शामिल हुईं। हम सभी ने उनकी बात सुनी। प्रत्येक सीएम को आवंटित समय दिया गया था। हर टेबल के सामने लगी स्क्रीन पर भी यह दिख रहा था। उन्होंने (ममता) मीडिया में कहा कि उनका माइक बंद कर दिया गया था। यह पूरी तरह से झूठ है।

“झूठ की कहानी नहीं गढ़नी चाहिए”

केंद्रीय वित्त मंत्री ने कहा, “सभी को पर्याप्त समय दिया गया। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया है कि उनका माइक बंद कर दिया गया था, जो सच नहीं है…उन्हें झूठ पर आधारित कहानी गढ़ने के बजाय इसके पीछे की सच्चाई को बताना चाहिए।

पीआईबी ने भी किया फैक्ट चेक

प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “यह दावा किया जा रहा है कि नीति आयोग की 9वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक के दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री का माइक्रोफोन बंद कर दिया गया था। यह दावा भ्रामक है। घड़ी केवल यह दिखा रही थी कि उनका बोलने का समय समाप्त हो गया है। यहां तक ​​कि घंटी भी नहीं बजाई गई।

कई राज्यों के सीएम ने किया बहिष्कार

ममता बनर्जी ने कहा कि नीति आयोग के पास कोई वित्तीय अधिकार नहीं है, यह कैसे काम करेगा? इसे वित्तीय अधिकार दें या योजना आयोग को वापस लाएं। तमिलनाडु, केरल, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, दिल्ली और पंजाब समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में नीति आयोग की बैठक का बहिष्कार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *