Delhi की तिहाड़ जेल के अंदर आपस में भिड़ गए कैदी,दो कैदियों की हालत गंभीर ..

Delhi News: दिल्ली की तिहाड़ जेल में आज फिर गैंगवार की घटना सामने आई है। इस गैंगवार में दो कैदियों के ऊपर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया है। इस हमले मे दोनों ही कैदी बुरी तरह से जख्मी हो गए हैं, दोनों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया है। जहां उनका इलाज किया जा रहा है। इस खूनी झड़प के पीछे बदले की आग है। हमला करने वाले आरोपी कैदी का नाम लोकेश है।

ये बताई जा रही हमले की वजह

जेल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस जेल में लवली और लविश हत्या के आरोप में बंद है। दोनों पर तिहाड़ जेल में ही बंद लोकेश नाम के कैदी के भाई की हत्या का आरोप है. ऐसे में लोकेश ने अपने साथियों के साथ मिलकर लविश और लवली पर बदला लेने के लिए हमला किया. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लवली और लविश ने वर्ष 2020 में विनय नाम के व्यक्ति की हत्या की थी, जिसके आरोप में वह जेल में बंद हैं. बाद में विनय का भाई लोकेश भी किसी मामले में गिरफ्तार होकर तिहाड़ जेल में आया और तभी से वह अपने भाई के मौत का बदला लेने की योजना बना रहा था. मौका मिलते ही उसने अपने साथी अभिषेक और हिमांशु के साथ मिलकर हमला कर दिया।

पहले भी हो चुके कई ऐसे हमले

तिहाड़ जेल को एशिया की सबसे सुरक्षित जेल कहा जाता है, लेकिन आए दिन ऐसी घटनाएं सामने आती हैं, जहां कैदियों के गुटों के बीच हिंसक झड़प होती है। अप्रैल में भी जेल संख्या 3 में भी ऐसी हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें चार कैदी गंभीर रूप से घायल हुए थे। हर बार की तरह सुरक्षा को पुख्ता कर दिया जाता है, लेकिन कुछ समय बाद ही कैदियों के बीच वर्चस्व की जंग शुरू हो जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *