Kargil Vijay Diwas: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (26 जुलाई) को केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख के द्रास में कारगिल विजय दिवस के मौके पर वॉर मेमोरियल पहुंचकर पाकिस्तान के खिलाफ जंग में शहीद होने वाले जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पीएम मोदी ने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि उसके नापाक मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे। 1999 के युद्ध में पाकिस्तान पर भारत की विजय की याद में देशभर में कारगिल विजय दिवस मनाया जा रहा है।
शिंकुन ला सुरंग परियोजना की शुरुआत
पीएम मोदी ने कारगिल में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद लद्दाख में शिंकुन ला सुरंग परियोजना की शुरुआत की। इस परियोजना का पहला ब्लास्ट संपन्न हुआ, जिससे सुरंग निर्माण का कार्य आरंभ हो गया। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, यह सुरंग लेह को सभी मौसम में संपर्क प्रदान करेगी और पूरी होने पर यह दुनिया की सबसे ऊंची सुरंग होगी। सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में लद्दाख में काफी फोकस किया है, जहां कई प्रमुख सड़कों की मरम्मत की गई है और नई सड़कों व पुलों का निर्माण किया गया है।
कारगिल विजय दिवस का महत्व और पाकिस्तान पर बयान
कारगिल विजय दिवस पर लोगों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “कारगिल विजय दिवस हमें बताता है कि राष्ट्र के लिए दिये गए बलिदान अमर होते हैं। दिन, महीने, वर्ष गुजरते हैं, दशक गुजरते हैं और सदियां भी गुजर जाती हैं, लेकिन राष्ट्र की रक्षा के लिए अपनी जान की बाजी लगाने वाले लोगों के नाम अमिट रहते हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि कारगिल में केवल युद्ध नहीं जीता गया था, बल्कि ‘सत्य, संयम और सामर्थ्य’ का अद्भुत परिचय दिया गया था।
पाकिस्तान के प्रति कड़ी चेतावनी
पीएम मोदी ने पाकिस्तान पर कड़ा हमला बोलते हुए कहा, “भारत उस समय शांति के लिए प्रयास कर रहा था। बदले में पाकिस्तान ने अपना अविश्वासी चेहरा दिखाया, लेकिन सत्य के सामने असत्य और आतंक की हार हुई।” उन्होंने पाकिस्तान की आतंकी हरकतों को उजागर करते हुए कहा कि पाकिस्तान ने अतीत में जितने भी दुष्प्रयास किए, उन्हें मुंह की खानी पड़ी है। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टोलरेंस की नीति अपनाने की बात की और कहा कि आतंकवाद को पूरी ताकत से कुचलेंगे।
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख का विकास
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 5 अगस्त को आर्टिकल 370 के अंत के 5 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। जम्मू-कश्मीर आज नए भविष्य और बड़े सपनों की बात कर रहा है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर की पहचान G-20 जैसी ग्लोबल समिट की अहम बैठक करने के लिए बताई। वहीं, लद्दाख के विकास को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि आज लद्दाख में भी विकास की नई धारा बह रही है। शिंकुन ला सुरंग के निर्माण का काम आज से शुरू हुआ है, जो लद्दाख को पूरे साल, हर मौसम में देश से कनेक्टेड रखेगा। यह सुरंग लद्दाख के विकास और बेहतर भविष्य के लिए नई संभावनाओं का नया रास्ता खोलेगी।
