Kathmandu Plane Crash: Nepal की राजधानी काठमांडू में आज सौर्य एयरलाइंस का एक विमान क्रैश हो गया, जिसमें क्रू मेंबर्स सहित कुल 19 लोग सवार थे। इस हादसे में 18 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि एक पायलट गंभीर रूप से घायल है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं इस विमान हादसे में एक परिवार की खुशियां खाक हो गईं। हादसे में विमान में सवार एक दंपती और उनके चार साल के बेटे की मौत हो गई। तीनों खुशी-खुशी काठमांडू से पोखरा जा रहे थे। काठमांडू में बुधवार सुबह उड़ान भरने के दौरान एक निजी एयरलाइन कंपनी सौर्य एयरलाइंस का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
हादसे का शिकार हुआ कर्मचारी का परिवार
इस हादसे में एयरलाइन के एक टेक्निशन मनु राज शर्मा, उनकी पत्नी प्रिजा खातीवाड़ा उनके चार साल के बेटेआदि राज शर्मा की दुर्घटना में मौत हो गई। प्रिजा ऊर्जा, जल संसाधन और सिंचाई मंत्रालय में सहायक कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में काम करती थीं।
इतने लोगों की हो चुकी है मौत
सौर्य एयरलाइंस की वेबसाइट के अनुसार, कंपनी नेपाल में पांच पर्यटक स्थलों के लिए विमानों का संचालन करती है। उसके बेड़े में तीन बमबॉर्डियर सीआरजे-200 विमान शामिल हैं। हाल के वर्षों में खराब हवाई सुरक्षा रिकॉर्ड के लिए नेपाल की आलोचना की गई है, लेकिन इन दुर्घटना की वजहों में मानवीय भूल के अलावा आंशिक रूप से अचानक मौसम परिवर्तन और दुर्गम चट्टानी इलाकों में स्थित हवाई पट्टियां भी शामिल हैं। नेपाल के नागरिक उड्डयन निकाय के अनुसार, अगस्त 1955 में पहली दुर्घटना के बाद से देश में हवाई दुर्घटनाओं में 914 लोग मारे गए हैं। पिछले साल जनवरी में, यति एयरलाइंस का एक विमान पोखरा में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें पांच भारतीयों सहित सभी 72 लोग मारे गए थे।
PM ने जताया दुख
हादसे को लेकर प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि वह दुर्घटना में हुई दुखद मौतों से बहुत दुखी हैं। नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अधिकारियों से विमान दुर्घटना के कारण की जांच के लिए कहा गया है। वह भी घटनास्थल पर हैं। उन्होंने सभी से दुख की इस घड़ी में धैर्य रखने का आग्रह किया।
साल 2023 में भी हुआ था हादसा
बीते साल भी नेपाल ने एक विमान हादसे में 72 लोगों की मौत हो गई थी। साल 2023 में यति एयरलाइंस का विमान नेपाल में हादसे का शिकार हो गया था। यति एयरलाइंस के हादसे में जान गंवाने वालों में पांच भारतीय भी शामिल थे। जांच में पता चला था कि यति एयरलाइंस का हादसा पायलट की गलती से हुआ था, जब विमान के पायलट ने गलती से पावर कट कर दिया था, जिससे विमान हादसे का शिकार हो गया।
