UP Minimum Wages Hike: योगी सरकार ने बढ़ाई मजदूरी, श्रमिकों को हर महीने मिलेंगे 238 रुपये तक ज्यादा

UP Minimum Wages Hike: उत्तर प्रदेश के श्रमिकों के लिए राहत भरी खबर है। योगी सरकार ने राज्य में श्रमिकों के परिवर्तनीय महंगाई भत्ते (VDA) की नई दरें तय कर दी हैं। इसके तहत अब श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी में हर महीने 174.25 रुपये से लेकर 238.39 रुपये तक की बढ़ोतरी होगी। सरकार के इस फैसले से औद्योगिक इकाइयों, कारखानों और विभिन्न प्रतिष्ठानों में काम करने वाले लाखों श्रमिकों को फायदा मिलेगा। नई दरें 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगी और 31 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेंगी। ऐसे में श्रमिकों को दिवाली से पहले बढ़ी हुई मजदूरी का लाभ मिलने की उम्मीद है।

महंगाई के हिसाब से तय हुईं मजदूरी की नई दरें

श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी में यह बदलाव जनवरी से जून 2026 के बीच अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के औसत 431 अंकों के आधार पर किया गया है। सरकार ने अकुशल, अर्द्धकुशल और कुशल श्रमिकों के लिए अलग-अलग नई दरें निर्धारित की हैं। इन दरों का लाभ संबंधित अनुसूचित नियोजनों, औद्योगिक इकाइयों और प्रतिष्ठानों में काम करने वाले श्रमिकों को मिलेगा। हालांकि, जिन कर्मचारियों को पहले से निर्धारित न्यूनतम दर से अधिक मजदूरी मिल रही है, उनकी मौजूदा ज्यादा मजदूरी जारी रहेगी।

श्रम विभाग का निर्देश: नई दरों के अनुसार देना होगा वेतन

श्रम विभाग ने सभी संबंधित नियोजकों, औद्योगिक इकाइयों और प्रतिष्ठानों को निर्देश दिए हैं कि वे श्रमिकों को संशोधित दरों के अनुसार न्यूनतम मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित करें। वेतन तय करते समय कर्मचारी की कुशलता की श्रेणी और संबंधित जिले या क्षेत्र में लागू दरों का ध्यान रखना होगा। यानी अकुशल, अर्द्धकुशल और कुशल श्रमिकों की मजदूरी उनकी श्रेणी के हिसाब से निर्धारित की जाएगी।

गौतम बुद्ध नगर और गाजियाबाद में कितनी बढ़ी न्यूनतम मजदूरी?

गौतम बुद्ध नगर और गाजियाबाद में काम करने वाले श्रमिकों को नई दरों के तहत सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा। यहां अकुशल श्रमिकों की न्यूनतम मासिक मजदूरी 13,690 रुपये से बढ़ाकर 13,883.59 रुपये कर दी गई है। अर्द्धकुशल श्रमिकों को अब 15,059 रुपये के बजाय 15,271.41 रुपये मिलेंगे। वहीं, कुशल श्रमिकों की मजदूरी 16,868 रुपये से बढ़कर 17,106.39 रुपये हो गई है। इस तरह इन दोनों जिलों में अकुशल श्रमिकों को हर महीने 193.59 रुपये, अर्द्धकुशल श्रमिकों को 212.41 रुपये और कुशल श्रमिकों को 238.39 रुपये ज्यादा मिलेंगे।

यूपी के नगर निगम वाले जिलों में भी बढ़ी श्रमिकों की सैलरी

गौतम बुद्ध नगर और गाजियाबाद को छोड़कर प्रदेश के अन्य नगर निगम वाले जिलों में भी न्यूनतम मजदूरी बढ़ाई गई है। यहां अकुशल श्रमिकों की मासिक मजदूरी 13,006 रुपये से बढ़ाकर 13,189.68 रुपये कर दी गई है। अर्द्धकुशल श्रमिकों को अब 14,507.46 रुपये और कुशल श्रमिकों को 16,250.86 रुपये मिलेंगे। पहले इन दोनों श्रेणियों की मजदूरी क्रमशः 14,306 रुपये और 16,025 रुपये थी। इस बदलाव से श्रमिकों को हर महीने 183.68 रुपये से 225.86 रुपये तक का अतिरिक्त लाभ मिलेगा।

यूपी के अन्य जिलों में नई न्यूनतम मजदूरी कितनी होगी?

प्रदेश के बाकी जिलों में भी अकुशल श्रमिकों की न्यूनतम मासिक मजदूरी 12,356 रुपये से बढ़ाकर 12,530.25 रुपये कर दी गई है। अर्द्धकुशल श्रमिकों को अब 13,590 रुपये की जगह 13,782.30 रुपये मिलेंगे। वहीं, कुशल श्रमिकों की मजदूरी 15,224 रुपये से बढ़ाकर 15,438.42 रुपये कर दी गई है। इससे इन जिलों में श्रमिकों को हर महीने 174.25 रुपये से 214.42 रुपये तक अतिरिक्त मजदूरी मिलेगी। नई दरें लागू होने से श्रमिकों की मासिक कमाई में कुछ बढ़ोतरी होगी और उन्हें महंगाई के बीच राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *