भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) के एक कार्यक्रम में बोलते हुए गडकरी ने कहा कि करीब तीन महीने पहले E20 ईंधन के खिलाफ काफी विरोध देखने को मिला था, लेकिन अब यह विरोध खत्म हो गया है। उन्होंने इसे पेड कैंपेन बताया। E20 पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिलाया जाता है।
E100 फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों को मिली अनुमति
सरकार की ओर से मोटर वाहन नियमों में किए गए बदलावों के तहत अब E100 तक इथेनॉल पर चलने वाले फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों को अनुमति दी गई है। इस कदम को वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा देने और पेट्रोलियम आयात पर निर्भरता घटाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
नेशनल हाईवे की गुणवत्ता पर सख्त गडकरी
गडकरी ने नेशनल हाईवे की खराब हालत को लेकर सोशल मीडिया पर मिली शिकायतों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि हाल ही में 700 से 800 परियोजनाओं की समीक्षा की गई है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि राजमार्गों की गुणवत्ता के मामले में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने भरोसा जताया कि अगले दो वर्षों में नेशनल हाईवे पर सफर करने वालों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। सरकार का जोर सड़क परियोजनाओं की गुणवत्ता सुधारने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर है।
