महंगाई और प्याज की कीमतों पर मोदी सरकार को घेरा
मल्लिकार्जुन खरगे ने महंगाई के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई चरम पर है और गरीबों के लिए दाल-रोटी खाना भी मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने प्याज की बढ़ती कीमतों का जिक्र करते हुए कहा कि गरीब आदमी दाल नहीं मिलने पर प्याज और रोटी खाकर गुजारा करता है, लेकिन अब प्याज भी महंगा हो गया है। खरगे ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार आम लोगों की परेशानियों को दूर करने में नाकाम रही है।
राहुल गांधी को लेकर खरगे का BJP पर हमला
कांग्रेस अध्यक्ष ने संसद की कार्यवाही और राहुल गांधी को लेकर भी बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह संसद में आने से डरते हैं। खरगे ने कहा कि राहुल गांधी अपने काम से बाहर गए हैं और उनके लौटने पर सरकार को जवाब देना पड़ेगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी के नेता हर समय राहुल गांधी का नाम लेते रहते हैं और राहुल उनके सपनों में भी आते हैं।
श्रीकृष्ण सिंह की जयंती पर बिहार के विकास को किया याद
खरगे ने बिहार के पहले मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि श्री बाबू ने लोकतंत्र को मजबूत करने और कमजोर वर्गों को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण काम किए। खरगे ने जमींदारी प्रथा खत्म करने और भूमि सुधार लागू करने में उनके योगदान की तारीफ की। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण सिंह खुद भूमिहार समुदाय से थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने जमींदारी प्रथा को समाप्त करने की दिशा में काम किया।
शिक्षा, स्वास्थ्य और छुआछूत के मुद्दे पर RSS-BJP पर निशाना
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि श्रीकृष्ण सिंह के कार्यकाल में बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य, फैक्ट्री और उद्योगों के विकास पर जोर दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में दंगे फैलाने वाली ताकतों का भी मजबूती से सामना किया गया। खरगे ने बैद्यनाथ धाम मंदिर में दलितों के प्रवेश से जुड़े प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि श्री बाबू ने छुआछूत के खिलाफ अभियान चलाया था। उन्होंने बीजेपी और RSS पर निशाना साधते हुए कहा कि छुआछूत की मानसिकता आज भी मौजूद है और देश में शांति के लिए इसे खत्म करना जरूरी है।
नीतीश कुमार की विचारधारा पर भी उठाए सवाल
खरगे ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नाम लेते हुए कहा कि जो लोग समाजवादी विचारधारा के साथ राजनीति करते थे, वे आज बीजेपी और RSS के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि जब किसी की विचारधारा कमजोर पड़ जाती है, तब ऐसे बदलाव देखने को मिलते हैं। खरगे ने कांग्रेस के बलिदानों का जिक्र करते हुए महात्मा गांधी, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि आज राहुल गांधी भी संघर्ष कर रहे हैं।
हल्द्वानी शुद्धिकरण विवाद पर बोले खरगे, छुआछूत खत्म करने की अपील
खरगे ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में कथित शुद्धिकरण की घटना का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि आजादी के इतने साल बाद भी छुआछूत जैसी सोच क्यों मौजूद है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। खरगे ने बिहार के लोगों से अपील की कि वे छुआछूत और भेदभाव की मानसिकता को जड़ से खत्म करने के लिए आगे आएं। उन्होंने महात्मा गांधी के साथ श्रीकृष्ण सिंह की मुलाकात और स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान उनके जेल जाने का भी जिक्र किया।
राम मंदिर में चंदा चोरी का आरोप, महिला आरक्षण पर भी उठाए सवाल
कांग्रेस अध्यक्ष ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि वह कांग्रेस सरकारों के अच्छे कामों का श्रेय लेती है, जबकि गलतियों की जिम्मेदारी कांग्रेस पर डालती है। उन्होंने राम मंदिर में चंदे और गहनों की चोरी का आरोप भी लगाया। साथ ही महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा। खरगे ने कहा कि बिहार गुरु नानक और भगवान बुद्ध की धरती है, इसलिए राज्य को उनके विचारों से प्रेरणा लेनी चाहिए।
‘आजादी की दूसरी लड़ाई’ बताकर संविधान बचाने की अपील
अपने भाषण के आखिर में खरगे ने मौजूदा राजनीतिक हालात को ‘आजादी की दूसरी लड़ाई’ बताते हुए लोगों से अपने अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के बीच कथित मिलीभगत का आरोप लगाया। साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त को संरक्षण देने के लिए कानून लाने का दावा करते हुए सरकार पर सवाल उठाए। खरगे ने कहा कि देश में लोकतंत्र की जगह तानाशाही जैसी व्यवस्था चल रही है और इसे बदलने के लिए जनता को अपनी आवाज बुलंद करनी होगी।
