इस संबंध में जारी अधिसूचना के मुताबिक, राजेश कुमार सिंह के कार्यकाल में एक साल का विस्तार किया गया है। इस फैसले के बाद वह रक्षा मंत्रालय में सचिव की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे।
2024 में बने थे देश के 40वें रक्षा सचिव
राजेश कुमार सिंह ने 1 नवंबर 2024 को देश के 40वें रक्षा सचिव के रूप में कार्यभार संभाला था। उन्होंने गिरिधर अरमाने की जगह यह जिम्मेदारी ली थी। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने रक्षा मंत्रालय और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) में तेजी से फैसले लेने की प्रक्रिया को बढ़ावा देने में भूमिका निभाई। इसके अलावा, मिसाइल क्षेत्र में निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में भी उनका योगदान रहा।
रक्षा सचिव बनने से पहले सिंह अप्रैल 2023 से अगस्त 2024 तक उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग (DPIIT) में सचिव के पद पर कार्यरत थे। इससे पहले वह पशुपालन एवं डेयरी विभाग में भी सचिव की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
1989 बैच के केरल कैडर के IAS अधिकारी हैं राजेश कुमार सिंह
राजेश कुमार सिंह का जन्म 24 नवंबर 1964 को हुआ था। वह केरल कैडर के 1989 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी हैं। उन्होंने अर्थशास्त्र में स्नातक की पढ़ाई की है और अपने प्रशासनिक करियर में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है।
सिंह सचिव, अतिरिक्त मुख्य सचिव, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, प्रधान सचिव, मुख्य सतर्कता अधिकारी (CVO), संयुक्त सचिव, आयुक्त, विशेष अधिकारी और परियोजना निदेशक सहित विभिन्न जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। उन्हें हिंदी और अंग्रेजी के साथ मलयालम भाषा का भी ज्ञान है।
