Budget 2024: मोदी सरकार (Modi government) ने वित्त वर्ष 2024-25 के आम बजट में युवाओं के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं पेश की हैं। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने बजट भाषण में युवाओं के रोजगार, शिक्षा और कौशल विकास के लिए 1.48 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। उन्होंने अगले पांच साल में करीब 4 करोड़ रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। आइए, जानें इस बजट में युवाओं के लिए कौन-कौन सी योजनाएं लाई गई हैं।
रोजगार और ट्रेनिंग
सरकार की योजना है कि लगभग 20 लाख युवाओं को रोजगार के लिए ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके अलावा, रोजगार देने पर कंपनियों को इंसेंटिव भी मिलेगा। निर्मला सीतारमण ने बताया कि सरकार तीन नई इंसेंटिव स्कीम्स लाएगी। वर्किंग लोगों के लिए कंपनियों के साथ मिलकर होस्टल बनाए जाएंगे, जिससे उन्हें रहने की सुविधा मिलेगी।
इंटर्नशिप योजना
मोदी सरकार ने एक करोड़ युवाओं को इंटर्नशिप योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा है। इस योजना के तहत इंटर्नशिप के दौरान युवाओं को 5000 रुपये का मानदेय और 6000 रुपये की एकमुश्त राशि दी जाएगी। उन्हें 500 शीर्ष कंपनियों में इंटर्नशिप दिलाई जाएगी, जिससे रोजगार पाने में आसानी होगी।
हायर एजुकेशन के लिए लोन
जो बेरोजगार युवा हायर एजुकेशन करना चाहते हैं, उनके लिए सरकार ने 10 लाख रुपये तक का लोन उपलब्ध कराने की घोषणा की है। इस योजना के तहत हायर एजुकेशन के लिए 10 लाख रुपये तक लोन सहायता मिलेगी। इसके अलावा, महिलाओं के लिए विशेष स्किल प्रोग्राम्स भी शुरू किए जाएंगे, जिससे वर्कफोर्स में महिलाओं की संख्या बढ़ाई जा सके।
पहली नौकरी के लिए प्रोत्साहन
बजट में यह भी प्रावधान किया गया है कि अगर कोई बेरोजगार पहली नौकरी पाता है, तो उसे एक महीने का वेतन मिलेगा। एक लाख रुपये से कम की नौकरी पाने वाले को डीबीटी के माध्यम से तीन किस्तों में पैसा दिया जाएगा। पहली बार ईपीएफओ में रजिस्टर करने वाले युवाओं को 15,000 रुपये तक दिए जाएंगे।
मुद्रा योजना
यदि कोई बेरोजगार युवा अपना रोजगार स्थापित करना चाहता है, तो मोदी सरकार मुद्रा योजना के तहत उसे लोन उपलब्ध कराती है। पहले, कोई भी युवा 10 लाख तक का मुद्रा लोन ले सकता था, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 20 लाख रुपये कर दिया गया है, जिससे युवाओं को अपने व्यवसाय स्थापित करने में मदद मिलेगी।
इस बजट (Budget 2024)में मोदी सरकार ने युवाओं के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए हैं, जो उन्हें रोजगार पाने और अपने करियर को संवारने में सहायता करेंगे।
