बिहार, यूपी और महाराष्ट्र में विधान परिषद चुनाव के लिए मतदान संपन्न, 27 अक्टूबर को आएंगे नतीजे

बिहार, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में विधान परिषद की सीटों के लिए शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। बिहार की आठ, उत्तर प्रदेश की 11 और महाराष्ट्र की पांच सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। तीनों राज्यों में चुनाव के नतीजे 27 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

बिहार में 8 सीटों पर 150 उम्मीदवार मैदान में

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए हो रहे द्विवार्षिक चुनाव में कुल 150 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 5,32,847 मतदाता करेंगे। इनमें 1,46,611 महिलाएं और 37 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए राज्यभर में 933 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

इन चुनावों में चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। पटना स्नातक, दरभंगा स्नातक, तिरहुत स्नातक, कोसी स्नातक, पटना शिक्षक, दरभंगा शिक्षक, तिरहुत शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान हो रहा है। मौजूदा विधान परिषद सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त होने वाला है।

उत्तर प्रदेश में 11 सीटों के लिए वोटिंग

उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों पर मतदान जारी है। इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की पांच और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की छह सीटें शामिल हैं। मतदान बैलेट पेपर के जरिए कराया जा रहा है। लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर और इटावा समेत विभिन्न जिलों में मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं।

वाराणसी में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 81 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 21 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 34,899 और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 2,88,567 मतदाता मतदान के पात्र हैं।

हरदोई में जीआईसी इंटर कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान शुरू हुआ। केंद्र पर पुलिस और प्रशासन की निगरानी के साथ वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। रायबरेली में 20 मतदान केंद्रों पर कुल 61 बूथ बनाए गए हैं। जिले में स्नातक वर्ग के 29,261 और शिक्षक वर्ग के 4,384 मतदाताओं ने वोट डाला।

महाराष्ट्र की 5 सीटों पर भी मतदान

महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों के लिए भी शुक्रवार सुबह 8 बजे मतदान शुरू हुआ। इन सीटों में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। चुनाव में कुल 182 उम्मीदवार मैदान में हैं।

अधिकारियों के अनुसार, राज्य में 2,419 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 10,68,072 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं। मतदान शाम 4 बजे तक हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *