उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की करेंसी चेस्ट से 17.29 करोड़ रुपये के नकली नोट मिलने के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय कुमार और हरीश रौंटा के रूप में हुई है। जांच एजेंसी के मुताबिक, दोनों पर नकली भारतीय करेंसी छापने और उसकी सप्लाई करने की साजिश में शामिल होने का आरोप है।
अंबाला और मनाली से हुई गिरफ्तारी
सूत्रों के अनुसार, अजय कुमार को 16 अक्टूबर को हरियाणा के अंबाला से गिरफ्तार किया गया, जबकि हरीश रौंटा को 22 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश के मनाली से पकड़ा गया। आरोप है कि दोनों द्वारा छापे और सप्लाई किए गए नकली नोट अलग-अलग लोगों के जरिए सहारनपुर स्थित PNB की करेंसी चेस्ट तक पहुंचाए गए थे।
जांच एजेंसी ने दोनों आरोपियों के पहले गिरफ्तार किए गए आदेश चौधरी और अन्य आरोपियों से करीबी संबंध होने की बात भी कही है। NIA अब इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों और नकली नोटों की सप्लाई से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
29 अगस्त को सामने आया था मामला
यह मामला 29 अगस्त 2026 को सामने आया था। सहारनपुर के सदर बाजार थाने को PNB की करेंसी चेस्ट से 17.29 करोड़ रुपये की कीमत के नकली नोट मिलने की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में बैंक के तीन कर्मचारियों की भूमिका भी सामने आई थी, जिसके बाद बैंक ने उन्हें निलंबित कर दिया था।
शुरुआत में पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की थी। इसके बाद 3 सितंबर को NIA ने जांच अपने हाथ में लेकर मामले की पड़ताल शुरू कर दी।
