पंजाब- पंजाब विधानसभा का सत्र आज सुबह 11 बजे शुरू होगा। विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां की ओर से बुलाया गया यह सत्र 27 अक्टूबर तक चलेगा। सत्र के पहले दिन दिवंगत हस्तियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद सदन में गैर-सरकारी कामकाज किया जाएगा।
23 अक्टूबर को होगा सरकारी कामकाज
विधानसभा की कार्यसूची के अनुसार, 23 अक्टूबर को सुबह 10 बजे सदन में सरकारी कामकाज निपटाया जाएगा। वहीं, सप्ताहांत के कारण 24 और 25 अक्टूबर को विधानसभा की बैठक नहीं होगी। इसके अलावा 26 अक्टूबर को राजपत्रित अवकाश होने के चलते सदन की कार्यवाही स्थगित रहेगी।
27 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे होगी बैठक
सत्र के अंतिम निर्धारित दिन 27 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे सदन की बैठक बुलाई गई है। इस दौरान विधायी कामकाज के साथ विधानसभा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने का प्रस्ताव भी कार्यसूची में शामिल है।
सरकार और विपक्ष के बीच दिखेगी सियासी खींचतान
विधानसभा सत्र के दौरान पंजाब सरकार अपने विधायी एजेंडे को आगे बढ़ाने की कोशिश करेगी। वहीं, विपक्ष विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार को घेर सकता है। ऐसे में सदन की कार्यवाही के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बहस देखने को मिल सकती है।
