मणिपुर में 3 लोगों की हत्या के बाद बढ़ी चिंता, CM वाई. खेमचंद सिंह ने INDIA गठबंधन के नेताओं के साथ की बैठक

इंफाल: मणिपुर में तीन लोगों की हत्या के बाद राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने कांग्रेस की प्रदेश इकाई के प्रमुख ओकराम इबोबी सिंह, कांग्रेस विधायक दल के नेता के. मेघचंद्र सिंह और ‘INDIA’ गठबंधन के अन्य नेताओं के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री सचिवालय में हुई इस बैठक में राज्य की मौजूदा सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की गई।

यह बैठक कांगपोकपी जिले की सुनुरोक पहाड़ियों में संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा तीन लोगों की हत्या किए जाने के बाद हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि बैठक में राज्य की सुरक्षा स्थिति और शांति बहाल करने के लिए सामूहिक प्रयासों पर चर्चा की गई।

मणिपुर हिंसा पर INDIA गठबंधन के नेताओं ने जताई चिंता

मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “सशस्त्र उपद्रवियों द्वारा तीन निर्दोष नागरिकों की दुखद हत्या के बाद बैठक में राज्य की समग्र सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की गई।”

उन्होंने बताया कि बैठक में शामिल राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने सोमवार को हुई घटना पर गहरी चिंता जताई। मौजूदा हालात को देखते हुए नेताओं ने मुख्यमंत्री से सभी राजनीतिक दलों की बैठक बुलाने का आग्रह भी किया।

इस बैठक में लोकसभा सदस्य अंगोमचा बिमोल अकोइजाम समेत विपक्षी गठबंधन में शामिल विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता मौजूद रहे।

कांगपोकपी जिले में तीन लोगों की हत्या

कांगपोकपी जिले की सुनुरोक पहाड़ियों में संदिग्ध उग्रवादियों ने जलावन की लकड़ी इकट्ठा करने गए तीन लोगों की हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बैठक में शामिल नेताओं को आश्वासन दिया कि मामले को देखा जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में शांति बनाए रखने और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए मिलकर प्रयास करने पर रचनात्मक चर्चा हुई।

ओकराम इबोबी सिंह ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

बैठक के बाद कांग्रेस नेता ओकराम इबोबी सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि ‘INDIA’ गठबंधन के प्रतिनिधियों ने राज्य की मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा करने के लिए मुख्यमंत्री से मुलाकात की।

उन्होंने राज्य में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि हर समुदाय के लोगों की हत्याएं हुई हैं और कानून-व्यवस्था पूरी तरह विफल हो चुकी है।

इबोबी सिंह ने कहा, “यदि सरकार सशस्त्र समूहों पर अंकुश लगाना चाहती है, तो यह सिर्फ कुछ ही दिनों की बात है।”

शांति बहाली के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर

मणिपुर में हिंसा और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों के बीच मुख्यमंत्री और विपक्षी नेताओं की यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बैठक में राज्य में शांति बनाए रखने, सामान्य स्थिति बहाल करने और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा पर जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *