एमएलसी चुनाव 2026: ऐसे ऑनलाइन खोजें अपना वोटिंग बूथ और वोटर लिस्ट में नाम
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, मतदाता अपना बूथ और मतदाता सूची में क्रम संख्या जानने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट ceouttarpradesh.nic.in पर जा सकते हैं। वेबसाइट के होम पेज पर एक नया पॉपअप दिखाई देगा, जिस पर “Search your polling station by name for Graduate and Teacher Constituency” लिखा होगा। इस विकल्प पर क्लिक करने के बाद मतदाता को अपनी जानकारी भरनी होगी।
वोटर लिस्ट में नाम खोजने के लिए भरनी होगी ये जानकारी
ऑनलाइन जानकारी निकालने के लिए सबसे पहले अपने स्नातक या शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र और जिले का चयन करना होगा। इसके बाद अपना नाम, किसी संबंधी का नाम या दोनों नाम दर्ज किए जा सकते हैं। नाम के पहले या दूसरे हिस्से को भी खोज के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके बाद स्क्रीन पर दिखने वाला कैप्चा कोड भरना होगा। जानकारी सबमिट करते ही मतदाता को उसका मतदान केंद्र और वोटर लिस्ट में क्रम संख्या पता चल जाएगी। इससे मतदान के दिन बूथ ढूंढने में आसानी होगी।
एमएलसी चुनाव में वोट डालने के लिए कौन-सा पहचान पत्र जरूरी?
नवदीप रिणवा ने बताया कि मतदान के समय वोटर को अपना मतदाता फोटो पहचान पत्र (वोटर आईडी) दिखाना होगा। अगर किसी वजह से वोटर के पास यह कार्ड नहीं है या वह इसे नहीं दिखा पाता, तो आयोग की ओर से मान्य वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों में से कोई एक दिखाकर अपनी पहचान साबित कर सकता है।
वोटर आईडी नहीं है तो इन 10 दस्तावेजों से कर सकेंगे पहचान
मतदान के लिए आयोग ने कई वैकल्पिक पहचान पत्रों को मान्यता दी है। इनमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और भारतीय पासपोर्ट शामिल हैं। इसके अलावा सरकारी विभागों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्थानीय निकायों और निजी औद्योगिक संस्थानों की ओर से कर्मचारियों को जारी सेवा पहचान पत्र भी मान्य होगा।
सांसदों, विधायकों और पार्षदों को जारी सरकारी पहचान पत्र के साथ संबंधित शिक्षक या स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की शैक्षणिक संस्था की ओर से जारी सेवा पहचान पत्र भी दिखाया जा सकता है। विश्वविद्यालय से मिली डिग्री या डिप्लोमा का मूल प्रमाण पत्र, सक्षम अधिकारी की ओर से जारी दिव्यांगता प्रमाण पत्र और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय का यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड भी पहचान के लिए मान्य होगा।
मतदान से पहले जरूर चेक कर लें अपना बूथ और वोटर लिस्ट में क्रम संख्या
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे वोट डालने से पहले ऑनलाइन अपना मतदान केंद्र और मतदाता सूची में क्रम संख्या जरूर पता कर लें। इसके बाद मान्य पहचान पत्र लेकर निर्धारित बूथ पर पहुंचें और अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें। पहले से बूथ की जानकारी होने से मतदान के दिन परेशानी और समय की बर्बादी से बचा जा सकेगा।
