अखिलेश यादव का तीखा हमला
सुल्तानपुर डकैती मामले में आरोपी मंगेश यादव के एनकाउंटर को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर जोरदार पलटवार किया है। अखिलेश ने कहा कि जिनकी अपनी पार्टी में कोई नहीं सुनता, उनकी बातों का बुरा मानने की जरूरत नहीं है। उन्होंने सीएम योगी पर कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर तंज कसते हुए कहा कि उनके शासनकाल में कानून व्यवस्था का हाल बुरा हो चुका है।
सपा अध्यक्ष ने ट्वीट के जरिए साधा निशाना
अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा, “जिनकी अपने दल में कोई सुनवाई नहीं, उनकी बातें कौन सुने। वैसे भी जानेवालों की बात का क्या बुरा मानना। जिनके शासनकाल में महीनों तक आईपीएस अधिकारी फरार रहे हों, पंद्रह लाख प्रतिदिन की कमाई वाले थानों की चर्चा होती रही हो, भाजपाई खुद ही पुलिस का अपहरण कर रहे हों और दंड संहिता की जगह बुलडोजर संहिता ने ले ली हो, ऐसे लोग कानून-व्यवस्था पर चुप ही रहें तो बेहतर है।”
सीएम योगी का सपा पर हमला
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंबेडकर नगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सपा सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा, “सपा सरकार में जितना बड़ा गुंडा होता था, उसका उतना बड़ा ओहदा होता था। आज अपराधी मारे जाते हैं तो सपा को बुरा लगता है। जनता जान चुकी है कि ये गुंडे और माफिया एक-एक कर यमलोक की यात्रा पर जाएंगे और जनता के साथ हुए अन्याय का हिसाब चुकता होगा।”
मंगेश यादव एनकाउंटर पर सियासत गरमाई
सुल्तानपुर में 28 अगस्त को एक ज्वेलरी की दुकान में हुई डकैती के मामले में पुलिस ने मंगेश यादव का एनकाउंटर किया था, जिसमें उसकी मौत हो गई। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि मंगेश का एनकाउंटर उसकी जाति देखकर किया गया है। इस मुद्दे को लेकर सपा मुखर हो गई है और बीजेपी पर तीखा हमला कर रही है। मंगेश के परिवार ने भी आरोप लगाया है कि पुलिस ने उसे दो दिन पहले घर से उठाया था और बाद में एनकाउंटर कर दिया गया।
मजिस्ट्रियल जांच के आदेश, न्यायिक जांच की मांग
सुल्तानपुर प्रशासन ने इस मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने भी इस मामले में सुप्रीम कोर्ट से न्यायिक जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि मामले का निष्पक्ष जांच होना जरूरी है ताकि सच्चाई सामने आ सके।
