Andhra College Scandal News: आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले के एक इंजीनियरिंग कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल में हिडन कैमरा मिलने की अफवाह ने हाल ही में गंभीर विरोध प्रदर्शन को जन्म दिया है। छात्राएं लगातार प्रदर्शन कर रही हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रही हैं। वहीं इस मामले पर सियासी पारा भी चढ़ने लगा है. इस बीच पुलिस ने कहा कि शौचालय में कोई छिपा हुआ कैमरा नहीं मिला. इस संबंध में पुलिस ने एक आधिकारिक बयान जारी किया जिसके मुताबिक, लड़कियों के हॉस्टल में कोई भी कैमरा बरामद नहीं हुआ और इसका कोई सबूत भी नहीं है. हॉस्टल की छात्राओं से पुलिस ने कहा कि वो इस मामले में बिल्कुल भी चिंता न करें.
पुलिस का खुलासा
पुलिस ने एक आधिकारिक बयान जारी किया है जिसमें कहा गया है कि हॉस्टल के शौचालय में कोई छिपा हुआ कैमरा नहीं मिला। पुलिस ने पुष्टि की है कि छात्राओं के कमरे और वॉशरूम में कोई भी कैमरा बरामद नहीं किया गया और इस संबंध में कोई ठोस सबूत भी नहीं मिला है।
पुलिस सुपरिटेंडेंट गंगाधर राव ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि आरोपों की जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। एक इंस्पेक्टर को विशेष जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है और पांच सदस्यीय टीम मामले की तकनीकी जांच कर रही है। पुलिस ने संदिग्ध लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की भी जांच की है।
छात्राओं और सियासी प्रतिक्रिया
छात्राएं और उनके समर्थक सैकड़ों की संख्या में सड़कों पर उतर आए हैं। प्रदर्शनकारियों ने खनन मंत्री के. रविंद्र से शिकायत की है कि प्रबंधन मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि हिडन कैमरों के माध्यम से वीडियो रिकॉर्डिंग का अपराध साबित होता है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नायडू ने छात्राओं से आग्रह किया है कि यदि उनके पास घटना से संबंधित कोई सबूत है तो वे उसे उनके साथ साझा करें।
