Thalapathy Vijay‘: तमिल सिनेमा के मशहूर अभिनेता विजय, जिन्हें उनके प्रशंसक “थलपति” के नाम से जानते हैं, ने अब राजनीति में प्रवेश किया है। इस साल की शुरुआत में, फरवरी में विजय ने अपनी नई राजनीतिक पार्टी ‘तमिझागा वेट्रिकाझागम’ (TVK) की स्थापना की घोषणा की थी। अब, अपने राजनीतिक सफर की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, विजय ने गुरुवार को चेन्नई के पयानूर में पार्टी मुख्यालय में एक भव्य कार्यक्रम के दौरान पार्टी का झंडा और प्रतीक लॉन्च किया। इस मौके पर पार्टी का एंथम भी पेश किया गया।
तमिलनाडु की राजनीति में फिल्मी सितारों की एंट्री एक पुरानी परंपरा रही है। पूर्व में एम.जी. रामचंद्रन (एमजीआर) और जयललिता से लेकर शिवाजी गणेशन, रजनीकांत, कमल हासन और विजयकांत जैसे दिग्गज अभिनेता इस राजनीतिक क्षेत्र में अपनी पहचान बना चुके हैं। अब इस श्रृंखला में थलपति विजय का नाम भी जुड़ गया है, जिन्होंने अपने सिनेमा के करियर के बाद राजनीति में कदम रखा है।
2026 में तमिलनाडु विधानसभा चुनाव लड़ेंगे
इस साल फरवरी महीने में एक्टर थालापति विजय ने राजनीतिक पार्टी शुरू करने का ऐलान किया था। विजय ने इसके साथ ही यह भी कहा था कि वह साल 2026 में होने वाला तमिलनाडु विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। आपको बता दें कि थालापति विजय ने इस साल हुए लोकसभा चुनाव में किसी भी गठबंधन या दल का समर्थन नहीं किया था।
तीन साल में राज्य में ₹9.74 लाख करोड़ का निवेश आया- स्टालिन
दूसरी ओर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने बुधवार को कहा है कि पिछले तीन वर्षों में राज्य ने 9.74 लाख करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित किया है जिससे 31 लाख नए रोजगार पैदा हुए हैं। स्टालिन ने तमिलनाडु में 68,773 करोड़ रुपये मूल्य की परियोजनाओं की आधारशिला रखते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से करीब एक लाख लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
