Ayodhya: अयोध्या के भदरसा में हाल ही में हुए गैंगरेप कांड में बड़ा एक्शन लिया गया है। पीड़ित नाबालिग लड़की की मां की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद पूरा कलंदर थानाध्यक्ष रतन शर्मा और भदरसा चौकी इंचार्ज अखिलेश गुप्ता को निलंबित कर दिया गया है। इन दोनों अधिकारियों पर आरोप है कि इन्होंने इस गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई नहीं की और मुकदमा दर्ज करने में देरी की। इसके साथ ही मुख्य आरोपी मोइद खान की संपत्तियों की भी जांच शुरू कर दी गई है। राजस्व विभाग ने मोइद खान की जमीन की पैमाईश भी शुरू कर दी है, क्योंकि आरोप है कि उसने तालाब और सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा किया है।
गैंगरेप की घटना और आरोपियों की गिरफ्तारी
गैंगरेप की यह घटना अयोध्या के पूरा कलंदर थाना क्षेत्र की है। यहाँ एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म किया गया और आरोपियों ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसे ब्लैकमेल करके लंबे समय तक रेप किया। इस मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता दो महीने की गर्भवती हो गई। पीड़िता के परिजनों ने जब इस मामले की शिकायत की तो आरोप है कि पुलिस ने शुरू में कोई कार्रवाई नहीं की। बाद में हिंदू संगठनों और निषाद पार्टी के लोगों के विरोध के बाद पुलिस ने सपा के भदरसा नगर अध्यक्ष मोईद खान और उसके बेकरी में काम करने वाले राजू को गिरफ्तार किया। इस मामले पर एनसीपीसीआर ने भी पुलिस को नोटिस भेजा है।
मुख्यमंत्री का आश्वासन और विधानसभा में बयान
पीड़ित लड़की की मां ने 2 अगस्त को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। सीएम ने सपा नेता मोईद खान और अन्य आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस के आला अधिकारियों पर कार्रवाई की गई और आरोपी की संपत्ति की जांच शुरू की गई। बीते दिन विधानसभा में कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि दुष्कर्म करने वाला आरोपी सपा सांसद का करीबी है और पार्टी ने अब तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता मोईद खान को इस कृत्य में शामिल पाया गया है, लेकिन सपा ने उसके खिलाफ कोई कदम नहीं उठाया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार महिलाओं की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों को बख्शेगी नहीं।
पीड़िता की दयनीय स्थिति
12 वर्षीय पीड़िता चार बहनों में सबसे छोटी है और उसके पिता की दो साल पहले मृत्यु हो चुकी है। परिवार का गुजारा उसकी मां और बहनों की मजदूरी से होता है। पीड़िता का आरोप है कि दो महीने पहले खेत से लौटते समय उसे राजू नामक शख्स ने बुलाया और मोईद खान के पास ले गया। मोईद खान ने उसका बलात्कार किया और राजू ने इसका वीडियो बना लिया। इसके बाद दोनों ने उसे ब्लैकमेल करके लगातार यौन शोषण किया। मामला तब खुला जब पीड़िता गर्भवती हो गई। पीड़िता की मां का कहना है कि जब वे शिकायत लेकर चौकी पहुंचे तो दरोगा ने उनकी शिकायत को टालने का प्रयास किया, लेकिन एसपी के हस्तक्षेप के बाद मामला दर्ज किया गया। पीड़िता की मां ने आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की है।
