Assam CM Attack Rahul Gandhi: सियासी गलियारों में एक नया विवाद उभरकर सामने आया है, जिसमें कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की जाति पर चर्चा हो रही है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा ने इस मुद्दे को लेकर राहुल गांधी पर सीधा सवाल उठाया है। हिमंत विश्व सरमा ने कहा, “पहले राहुल गांधी पत्रकारों से उनकी जाति पूछते थे, अब जब लोग उनसे उनकी जाति के बारे में पूछते हैं, तो उन्हें इससे परेशानी होती है। क्या जाति पूछे बिना जाति जनगणना होगी?”इस बयान ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है, और विभिन्न पक्षों के बीच विवाद को और अधिक गहरा कर दिया है। सरमा के इस बयान ने जाति आधारित जनगणना और उसके प्रति कांग्रेस के दृष्टिकोण पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
राहुल गांधी ने हाल के दिनों में जाति आधारित जनगणना का समर्थन किया है, लेकिन इस मुद्दे पर उनके व्यक्तिगत जाति को लेकर उठाए गए सवालों ने एक नई बहस को जन्म दे दिया है। इस विवाद की पृष्ठभूमि में, राहुल गांधी ने कहा है कि उनकी जाति की जानकारी उनकी राजनीतिक दृष्टि या कामकाज पर असर नहीं डालती।
कांग्रेस सांसद को बतानी होगी अपनी जाति- हिमंत विश्व सरमा
इसके साथ ही असम के सीएम हिमंत विश्व सरमा ने सवाल पूछते हुए कहा कि राहुल गांधी कहते हैं कि वह जाति जनगणना करवाएंगे लेकिन अपनी जाति नहीं बताएंगे, यह कैसे होगा? असम के सीएम ने आगे कहा कि अगर जनगणना होगी तो कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को भी अपनी जाति बतानी होगी।’
अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर साधा था निशाना
बता दें कि मंगलवार को जाति जनगणना पर कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाते हुए बीजेपी सांसद ठाकुर ने कहा कि जिनको अपनी जाति नहीं पता वे जाति जनगणना की मांग कर रहे हैं। इस पर लोकसभा में भारी हंगामा हुआ और कुछ कांग्रेस सांसद वेल में आ गए। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अनुराग ठाकुर पर बहस के दौरान उनका अपमान करने का आरोप लगाया, लेकिन उन्होंने कहा कि वह पूर्व केंद्रीय मंत्री से कोई माफी नहीं मांगेंगे।
