Bihar Assembly:बिहार विधानसभा में बृहस्पतिवार को उस समय जबरदस्त हंगामा देखने को मिला जब विपक्षी सदस्यों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई वाली सत्तारूढ़ सरकार में अविश्वास व्यक्त करते हुए सदन के बीचों-बीच समानांतर ‘‘कार्यवाही’’ संचालित करने का प्रयास किया। वहीं विशेष राज्य के दर्जे की मांग को लेकर विपक्ष ने शुक्रवार को विधानसभा परिसर में खूब हंगामा किया। सदन के अंदर भी विशेष दर्जे की मांग गूंजती रही। विपक्षी विधायक हाथों में पोस्टर लेकर रिपोर्टल टेबल के पास तक पहुंच गए। इसके बाद स्पीकर नंदकिशोर यादव को गुस्सा आ गया और उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा अगर रिपोर्टल टेबल पलटी तो कड़ी कार्रवाई होगी।
नंद किशोर यादव ने विपक्षी सदस्यों को फटकारा
विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव काफी आग बबूला हो गए और उन्होंने चेतावनी वाले अंदाज में विपक्ष के नेताओं को धमकाया, समझाया कि आप रिपोर्टर टेबल पलटने की हरकत ना करें। यदि ऐसा हुआ संबंधित सदस्य को सदन के बाहर करवा देंगे और उसके विरुद्ध कार्रवाई भी करेंगे।उन्होंने सदन को बताया कि एक दिन पहले भी रिपोर्टर टेबल पलटी गई थी जिसकी वजह से एक रिपोर्टर राहुल यादव घायल हो गए। उन्होंने कहा ऐसा ना करें सदन के अंदर सबको बोलने का मौका दिया जाएगा, लेकिन लोग अपने स्थान पर वापस जाएं तभी वह बोल सकेंगे। आसन के निकट आकर बोलने का अधिकार किसी को नहीं है और उनकी कोई बात नहीं सुनी जाएगी। बावजूद विपक्षी सदस्यों का हंगामा-प्रदर्शन जारी रहा।
कल भी टेबल पलटने की हुई थी कोशिश
बता दें कि सदन की कार्यवाही के चौथे दिन गुरुवार को कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान ने रिपोर्टिंग टेबल पलटने की कोशिश की थी. हंगामा कर रहे विपक्षी सदस्यों ने स्पीकर के चेंबर के बाहर भी काफी हंगामा किया और फिर धरने पर बैठ गए थे. नीतीश कुमार और ललन सिंह के बयान को लेकर विपक्ष हमलावर है. साथ ही दोनों से माफी मांगने की मांग की जा रही है।
कई बार स्थगित करनी पड़ी कार्यवाही
विपक्षी सदस्यों की अनुपस्थिति के बीच शून्यकाल का संचालन किये जाने के बाद अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही भोजनावकाश के लिए स्थगित कर दी। इस बीच, राज्य विधानमंडल के ऊपरी सदन में भी महिला विधायकों के प्रति मुख्यमंत्री के व्यवहार का मुद्दा विपक्षी सदस्यों द्वारा उठाया गया, जिसके कारण आज की कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद सभापति अवधेश कुमार सिंह को बिहार विधान परिषद की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।
