Veda: जॉन अब्राहम और शरवरी वाघ अभिनीत आगामी फिल्म ‘वेदा’ को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से अभी तक मंजूरी नहीं मिली है। फिल्म की रिलीज की तारीख 15 अगस्त निर्धारित की गई है, लेकिन सीबीएफसी की तरफ से अब तक आवश्यक क्लियरेंस प्राप्त नहीं होने के कारण इसकी रिलीज पर संकट मंडरा रहा है।
प्रोड्यूसर्स की ओर से जारी हुआ बयान
फिल्म के प्रोड्यूसर्स, जी स्टूडियो, एमे एंटरटेनमेंट, और जेए एंटरटेनमेंट ने एक संयुक्त बयान जारी किया है जिसमें उन्होंने फिल्म की समय पर सर्टिफिकेशन के लिए भेजे जाने की बात की और सीबीएफसी द्वारा देरी किए जाने की शिकायत की है। बयान में कहा गया है कि फिल्म को प्रमाणन के लिए समय पर भेजा गया था, लेकिन सीबीएफसी ने बिना किसी स्पष्ट कारण के इसमें देरी कर दी है।
इंस्टाग्राम पर साझा की गई जानकारी
मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर एक नोट साझा किया जिसमें उन्होंने बताया कि, “हम, वेदा के निर्माता, अपने फैंस और समर्थकों के साथ यह साझा करने के लिए मजबूर हैं कि हमारे सर्वोत्तम प्रयासों के बावजूद, हमें अभी भी भारत के सीबीएफसी से मंजूरी और प्रमाणन प्राप्त नहीं हुआ है। प्रोटोकॉल का पालन करते हुए हमने रिलीज के लिए निर्धारित आठ सप्ताह से पहले ही प्रमाणन के लिए आवेदन कर दिया था। हमारी फिल्म 25 जून को सीबीएफसी के सर्टिफिकेशन के लिए भेजी गई थी, लेकिन इसमें बेवजह की देरी की गई।”
सीबीएफसी पर विश्वास
बयान में आगे कहा गया है, “इसके बाद हमने धैर्यपूर्वक इसका पुनरीक्षण भी किया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इस असामान्य देरी के बावजूद, हमें मौजूदा व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और हमें विश्वास है कि सीबीएफसी जल्द ही इस पर कोई प्रतिक्रिया देगा।”
फिल्म की विशेषताएँ
‘वेदा’ एक एक्शन ड्रामा फिल्म है जो सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। फिल्म के निर्देशक निखिल आडवाणी हैं, और इसमें तमन्ना भाटिया और अभिषेक बनर्जी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
