Google Maps:नई सुविधाओं के साथ एक बेहतर नेविगेशन अनुभव

Google Maps:गूगल मैप्स एक महत्वपूर्ण टूल है जो किसी स्थान की लोकेशन की जानकारी देने, नेविगेशन चेक करने और नई लोकेशन को खोजने में मदद करता है। ड्राइविंग करने वाले लोगों के लिए यह एक अत्यावश्यक उपकरण है क्योंकि यह नेविगेशन को बहुत आसान बनाता है। गूगल मैप्स लगातार अपने उपयोगकर्ताओं के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए काम करता रहता है। इसी सिलसिले में Maps ने कुछ नई सुविधाओं के साथ अपने ऐप को अपडेट किया है। इन नई सुविधाओं के बारे में आइए विस्तार से जानते हैं।

नई सुविधाएं: फ्लाईओवर, EV चार्जिंग स्टेशन और मेट्रो टिकट बुकिंग

गूगल मैप्स ने अपने मोबाइल ऐप में कई नई सुविधाएं जोड़ी हैं, जो यूजर्स की जिंदगी को और भी आसान बना देंगी। इन नई सुविधाओं में फ्लाईओवर की जानकारी, छोटी सड़कों पर नेविगेट करने में मदद और EV चालकों के लिए पास के चार्जिंग स्टेशन का पता लगाने की सुविधा शामिल है। इसके अलावा, यूजर्स अब गूगल मैप्स ऐप से मेट्रो टिकट भी बुक कर सकेंगे और सड़क दुर्घटनाओं की रिपोर्ट भी कर सकेंगे।

फ्लाईओवर कॉलआउट सुविधा

यदि आप गूगल मैप्स का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो यह आपको ड्राइविंग के दौरान फ्लाईओवर के लिए तैयार होने में मदद करता है। Maps को एक नई फ्लाईओवर कॉलआउट सुविधा के साथ अपडेट किया गया है। यह सुविधा तब ज्यादा कारगर साबित होती है जब आप किसी नए क्षेत्र में ड्राइविंग कर रहे होते हैं और फ्लाईओवर लेने या नीचे की सड़क का उपयोग करने की स्थिति में होते हैं। यह सुविधा इस हफ्ते एंड्रॉइड स्मार्टफोन या एंड्रॉइड ऑटो यूनिट वाले यूजर्स को दिखाई देगी और यह भारत के 40 शहरों में उपलब्ध होगी।

EV चार्जिंग स्टेशन की जानकारी

गूगल मैप्स अब EV चार्जिंग स्टेशन की जानकारी भी दिखा रहा है। इसके लिए कंपनी ने एथर, इलेक्ट्रिकपे, काज़म और स्टेटिक के साथ पार्टनरशिप की है, जिससे देश में 8,000 से अधिक चार्जिंग स्टेशनों की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। यह सुविधा दोपहिया वाहनों के लिए भी उपलब्ध है।

AI-नेविगेशन फीचर

गूगल ने एक नया AI-नेविगेशन फीचर पेश किया है, जो छोटी सड़कों की चौड़ाई का अनुमान लगाएगा। इससे चार पहिया वाहनों को नेविगेशन के समय आसानी होगी। इस AI मॉडल का उपयोग संकरी सड़कों की पहचान के लिए सैटेलाइट इमेजरी, सड़कों की जानकारी, इमारतों के बीच ज्ञात दूरी, फुटपाथ और स्ट्रीट व्यू डेटा से किया जाता है। यह सुविधा बेंगलुरू, भोपाल, भुवनेश्वर, चेन्नई, कोयंबटूर, हैदराबाद, इंदौर और गुवाहाटी में एंड्रॉइड यूजर्स के लिए उपलब्ध होगी।

मेट्रो टिकट बुकिंग

गूगल मैप्स ने यूजर्स को एक खास अपडेट दिया है जिससे अब आप गूगल मैप्स पर मेट्रो टिकट बुक कर सकेंगे। इसके लिए कंपनी ने ONDC और नम्मा यात्री के साथ साझेदारी की है। इस सुविधा की मदद से यूजर्स कोच्चि और चेन्नई में मेट्रो लाइनों पर यात्रा करते समय टिकट बुक कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *