Banke Bihari Temple: उत्तर प्रदेश के वृंदावन स्थित श्रीबांके बिहारी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जल्द ही दर्शन व्यवस्था में बदलाव देखने को मिल सकता है। मंदिर में लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए प्रबंधन अब व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए मंदिर की हाईपावर्ड मैनेजमेंट कमेटी नया ब्लूप्रिंट तैयार कर रही है।
नई योजना का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को बिना किसी परेशानी के सुरक्षित और सुगम दर्शन कराना है। इसके तहत मंदिर के अंदर और बाहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के साथ भीड़ को नियंत्रित करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। खास तौर पर VIP दर्शन और सामान्य श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने की योजना बनाई जा रही है।
कार्तिक मास में बांके बिहारी मंदिर में बढ़ेगी भीड़, प्रबंधन अलर्ट
दिवाली के बाद कार्तिक मास में वृंदावन आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है। 10 नवंबर से श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी सिलसिले में शनिवार शाम लक्ष्मण शहीद स्मारक भवन स्थित कार्यालय में हाईपावर्ड मैनेजमेंट कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता कमेटी के अध्यक्ष अशोक कुमार ने की। इसमें श्रद्धालुओं को आसानी से दर्शन कराने और मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने को लेकर चर्चा हुई। कमेटी के सदस्यों के साथ सेवायत गोस्वामियों से भी सुझाव लिए गए। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि त्योहारों और कार्तिक मास के दौरान भीड़ बढ़ने पर दर्शन व्यवस्था प्रभावित न हो।
बांके बिहारी मंदिर के 14 रास्तों से हटेगा अतिक्रमण
मंदिर की नई व्यवस्था के तहत वहां तक पहुंचने वाले सभी 14 रास्तों को अतिक्रमण मुक्त बनाने की योजना तैयार की जा रही है। कमेटी का मानना है कि रास्तों पर अतिक्रमण होने से श्रद्धालुओं की आवाजाही में परेशानी होती है और भीड़ को संभालना भी मुश्किल हो जाता है।
ऐसे में रास्तों को खाली कराने और आवागमन को सुचारु बनाने पर काम किया जाएगा। बैठक के बाद कमेटी के सदस्यों ने मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। इस दौरान शनिवार को श्रद्धालुओं की भीड़ और दर्शन के लिए बनाए गए मौजूदा इंतजामों को देखा गया। गौरतलब है कि शनिवार और रविवार को मंदिर में बड़ी संख्या में भक्त दर्शन करने पहुंचते हैं।
VIP दर्शन के लिए एक दिन पहले कराना होगा रजिस्ट्रेशन
बांके बिहारी मंदिर में VIP दर्शन को लेकर भी नई व्यवस्था तैयार की जा रही है। इसके तहत सेवायत गोस्वामियों के शिष्यों और VIP श्रद्धालुओं को दर्शन करने से एक दिन पहले रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसका उद्देश्य VIP दर्शन के नाम पर होने वाली अव्यवस्था को रोकना और श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करना है।
मौजूदा व्यवस्था के तहत VIP प्रोटोकॉल में आने वाले विशिष्टजनों के प्रवेश के लिए मंदिर के निकास द्वार संख्या चार पर बनी एक रेलिंग निर्धारित की गई है। वहीं, दर्शन करने के बाद श्रद्धालुओं को निकास द्वार संख्या एक से बाहर निकाला जा रहा है। इससे सामान्य श्रद्धालुओं और VIP लोगों की आवाजाही को अलग-अलग रखने में मदद मिलेगी।
VIP श्रद्धालुओं को मिलेगी तत्काल रजिस्ट्रेशन की सुविधा?
नई योजना में VIP श्रद्धालुओं के लिए एक और खास सुविधा देने पर विचार किया जा रहा है। कमेटी के अध्यक्ष अशोक कुमार के मुताबिक, अगर VIP प्रोटोकॉल के तहत आने वाले विशिष्टजन किसी कारण से एक दिन पहले रजिस्ट्रेशन नहीं करा पाते हैं तो उनका तत्काल रजिस्ट्रेशन भी किया जा सकता है।
इसके लिए अलग से व्यवस्था तैयार की जा रही है। हालांकि, तत्काल रजिस्ट्रेशन की सुविधा अभी प्रस्तावित है और इसे लागू करने पर अंतिम फैसला होना बाकी है।
इसके अलावा मंदिर प्रबंधन VIP दर्शन के नाम पर होने वाली वसूली जैसी गतिविधियों पर भी रोक लगाने की तैयारी कर रहा है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद दर्शन के नाम पर होने वाली अनियमितताओं पर लगाम लगाने और आम श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देने में मदद मिलने की उम्मीद है।
