प्लेटफॉर्म नंबर एक पर हुआ उद्घाटन समारोह
टाटानगर स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान 22 बोगियों वाली ट्रेन के इंजन को सजाया गया था। ट्रेन का ऑनलाइन उद्घाटन किया गया। इस दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी मौजूद रहे। पश्चिम बंगाल के सांतरागाछी से भी कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि जयपुर के लिए रेल सेवा शुरू करने की मांग वर्ष 2014 से की जा रही थी। उन्होंने बताया कि नई ट्रेन से राजस्थान के खाटू श्याम और सालासर जैसे धार्मिक स्थलों तक पहुंचना आसान होगा। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के प्रयागराज और मिर्जापुर सहित कई प्रमुख स्थानों की यात्रा करने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
सांसद ने इस रेल सेवा को मंजूरी देने की प्रक्रिया में सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया।
इन प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 18061/18062 सांतरागाछी-खातीपुरा-सांतरागाछी एक्सप्रेस का नियमित परिचालन किया जाएगा। इसका मार्ग पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और राजस्थान से होकर गुजरेगा।
इस ट्रेन के प्रमुख स्टेशनों में खड़गपुर, टाटानगर, चांडिल, पुरुलिया, मुरी, रांची, लोहरदगा, लातेहार, डालटनगंज, गढ़वा रोड, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, टूंडला, आगरा, बांदीकुई और दौसा शामिल हैं।
यात्रियों के साथ पर्यटन और व्यापार को भी मिलेगा बढ़ावा
नई एक्सप्रेस ट्रेन शुरू होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, पर्यटकों और चिकित्सा या पारिवारिक कारणों से यात्रा करने वाले लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। पांच राज्यों को जोड़ने वाली यह रेल सेवा अंतरराज्यीय आवागमन को सुविधाजनक बनाने के साथ पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दे सकती है।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं रेलवे अधिकारी मौजूद रहे।
