महाराष्ट्र के बीड में भीषण सड़क हादसा: बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर, दो युवकों की मौत

महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के बीड जिले में अहमदपुर-अहिल्यानगर हाईवे पर रविवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। येलंबघाट इलाके में बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान राहुल सुरेश काले और आकाश बापू पवार के रूप में हुई है। हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

येलंबघाट इलाके में बस और बाइक की टक्कर

मिली जानकारी के मुताबिक, बस नेकानूर से अंबाजोगाई की ओर जा रही थी, जबकि बाइक सवार युवक नेकानूर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान येलंबघाट इलाके में दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने बस और बाइक को थाने पहुंचाकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

परिजनों में मचा कोहराम

दो युवकों की अचानक मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों युवक किस काम से जा रहे थे।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के समय दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *