दलेर मेंहदी और सुबोध उनियाल विवाद खत्म, CM धामी की पहल पर सुलझा मामला

देहरादून: पंजाबी गायक दलेर मेंहदी और उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच कुंजापुरी मेले में हुए विवाद पर अब विराम लगने के संकेत हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल के बाद मामला सुलझने का दावा गायक मीका सिंह ने किया है। मीका के मुताबिक, सीएम धामी ने दलेर मेंहदी से फोन पर बातचीत कर घटनाक्रम पर खेद जताया और उन्हें जल्द उत्तराखंड बुलाकर सम्मानित करने की बात कही।

सीएम धामी ने दलेर मेंहदी से की फोन पर बात

मीका सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दलेर मेंहदी को फोन कर कहा कि पूरा उत्तराखंड उनसे प्यार करता है। सीएम ने उन्हें प्रदेश में आमंत्रित कर मान-सम्मान देने की इच्छा भी जताई। मीका के अनुसार, दलेर मेंहदी को भी मुख्यमंत्री का फोन आया था और उन्होंने पूरे मामले को खत्म करने की बात कही है।

मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी इस बातचीत की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि प्रसिद्ध गायक दलेर मेंहदी से फोन पर उनका कुशलक्षेम जाना और पिछले दिनों हुए घटनाक्रम पर चर्चा हुई।

मीका सिंह ने सुबोध उनियाल से मांगी माफी की अपेक्षा

मीका सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी एक सुलझे हुए और जमीन से जुड़े व्यक्ति हैं। उन्होंने मंत्री सुबोध उनियाल को भी दलेर मेंहदी से फोन पर बात कर माफी मांगने की सलाह दी। मीका का आरोप है कि मंत्री की ओर से दलेर मेंहदी को शराबी कहे जाने से उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है।

कुंजापुरी मेले में हुआ था विवाद

बता दें कि टिहरी जिले के कुंजापुरी मेले में कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुबोध उनियाल और दलेर मेंहदी के बीच विवाद हुआ था। मंत्री ने गायक पर शराब पीकर मंच पर आने और लिप-सिंक के जरिए गाने का आरोप लगाया था। इस घटनाक्रम के बाद मामला चर्चा में आ गया और विवाद बढ़ गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *