ईरान पर फिर सैन्य हमला कर सकता है अमेरिका, ट्रंप के बयान से बढ़ी युद्ध की आशंका; समुद्र के नीचे इंटरनेट केबल काटने की ईरान की चेतावनी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि अमेरिका ईरान के खिलाफ एक और सैन्य अभियान शुरू कर सकता है। ट्रंप ने फ्लोरिडा में एक रैली के दौरान छोटे स्तर पर एक और ‘एपिक फ्यूरी’ अभियान चलाने की संभावना जताई। इससे क्षेत्र में जारी संघर्ष के और बढ़ने की आशंका पैदा हो गई है।

रॉयटर्स के मुताबिक, ईरानी सुरक्षा अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि अमेरिका और इजरायल मिलकर ईरान पर दोबारा हमला करते हैं, तो समुद्र के नीचे बिछी इंटरनेट केबल को निशाना बनाया जा सकता है। ईरान की इस चेतावनी से वैश्विक इंटरनेट कनेक्टिविटी और डिजिटल संचार पर संभावित असर को लेकर चिंता बढ़ गई है।

ट्रंप बोले- युद्ध जल्दी खत्म कर सकता है अमेरिका

व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका इस युद्ध को बहुत जल्दी खत्म कर सकता है। हालांकि, उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि संघर्ष को तत्काल समाप्त किया जाए या इसे धीरे-धीरे कमजोर पड़ने दिया जाए।

ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का जिक्र करते हुए कहा कि वहां से तेल की आवाजाही जारी है। यह समुद्री मार्ग वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। हालांकि, युद्ध को लेकर ट्रंप के अलग-अलग बयानों के कारण इसके संभावित अंत और आगे की रणनीति पर अनिश्चितता बनी हुई है।

मिडटर्म चुनाव के बाद बढ़ सकते हैं हमले

द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी और इजरायली सेनाओं ने नवंबर में होने वाले अमेरिकी मिडटर्म चुनावों के बाद ईरान पर फिर से हमले करने की संभावित योजना तैयार की है। रिपोर्ट में अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि संभावित लक्ष्यों में ईरान का ऊर्जा बुनियादी ढांचा, परमाणु सुविधाएं तथा मिसाइल और ड्रोन भंडार शामिल हो सकते हैं।

इस बीच, कई देशों के विदेश मंत्रियों ने चेतावनी दी है कि ईरान के खिलाफ नए सैन्य हमले से संघर्ष और व्यापक हो सकता है। इससे वैश्विक अर्थव्यवस्था और ऊर्जा बाजारों पर भी गंभीर असर पड़ने की आशंका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *