सरायकेला-खरसावां: झारखंड के गम्हरिया रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को ‘रेल जनसंवाद—आपकी बात, हमारा प्रयास, बेहतर कल’ अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान रेलवे अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया और यात्रियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं व सुझाव सुने। जनसंवाद में बिहार जाने वाली ट्रेनों के ठहराव, अंडरपास में जलजमाव और फुट ओवरब्रिज पर लिफ्ट व एस्केलेटर की सुविधा जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।
टाटा-छपरा और टाटा-पटना ट्रेनों के ठहराव की मांग
जनसंवाद के दौरान यात्रियों ने कहा कि गम्हरिया स्टेशन पर कुछ ट्रेनों का ठहराव एक दिशा में है, जबकि दूसरी दिशा में सुविधा नहीं मिलती। इससे यात्रियों को आवागमन में परेशानी होती है। उन्होंने खास तौर पर टाटा-छपरा और टाटा-पटना जैसी बिहार की ओर जाने वाली ट्रेनों के ठहराव की मांग की।
इसके अलावा दक्षिण भारत की ओर जाने वाली कुछ ट्रेनों के दोनों दिशाओं में ठहराव का मुद्दा भी उठाया गया। यात्री आशीष कुमार श्रीवास्तव और अशोक कुमार चौरसिया ने अधिकारियों के सामने यात्रियों की समस्याएं रखीं।
अंडरपास में जलजमाव से यात्रियों को परेशानी
यात्रियों ने स्टेशन के आसपास बने अंडरपास में पानी जमा होने की समस्या भी उठाई। उनका कहना था कि जलजमाव के कारण लोगों को आने-जाने में कठिनाई होती है। यात्रियों ने इस समस्या का समाधान करने की मांग की।
इसके साथ ही निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज पर लिफ्ट और एस्केलेटर लगाने की मांग की गई, ताकि बुजुर्गों, दिव्यांगों और अन्य यात्रियों को प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में सुविधा मिल सके।
12 मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज बनाने की योजना
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, गम्हरिया स्टेशन पर भविष्य में 12 मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज बनाने की योजना है। इसमें लिफ्ट की सुविधा भी उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
अधिकारियों ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन भवन का निर्माण कार्य जारी है। बरसात के कारण निर्माण की गति धीमी हुई थी, लेकिन अब काम में तेजी लाई गई है। अधिकारियों ने निर्माण कार्य जल्द पूरा होने की उम्मीद जताई।
