Chief Selector: प्रज्ञान ओझा बने टीम इंडिया के नए चीफ सिलेक्टर, रमेश पवार को भी मिली चयन समिति में जगह

Chief Selector:  भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने पुरुष क्रिकेट टीम की चयन समिति में बड़ा बदलाव किया है। पूर्व भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा को टीम इंडिया का नया चीफ सिलेक्टर नियुक्त किया गया है। वह अजीत अगरकर की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे। अगरकर का कार्यकाल 4 अक्टूबर को खत्म हो गया था। इसके बाद से ओझा अंतरिम चीफ सिलेक्टर के तौर पर काम कर रहे थे। अब बोर्ड ने उन्हें इस पद पर आधिकारिक तौर पर नियुक्त कर दिया है।

40 साल के प्रज्ञान ओझा को टेस्ट मैचों की संख्या के आधार पर चयन समिति का चेयरमैन बनाया गया है। उन्होंने भारतीय टीम के लिए 24 टेस्ट, 18 वनडे और दो टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। ओझा जून 2008 से नवंबर 2013 तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सक्रिय रहे। अब खिलाड़ी के तौर पर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने के बाद वह चयनकर्ता के रूप में टीम के भविष्य से जुड़े फैसले लेंगे।

रमेश पवार बने पुरुष चयन समिति के नए सदस्य

बीसीसीआई ने पश्चिम क्षेत्र से पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कोच रमेश पवार को पुरुष चयन समिति में शामिल किया है। पवार अब पांच सदस्यीय चयन समिति का हिस्सा होंगे। उन्होंने भारत के लिए दो टेस्ट और 31 वनडे मैच खेले हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद पवार कोचिंग के क्षेत्र में भी काफी सक्रिय रहे हैं।

48 वर्षीय रमेश पवार भारतीय महिला क्रिकेट टीम के अलावा मुंबई और गुजरात की टीमों के मुख्य कोच रह चुके हैं। उन्होंने बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में गेंदबाजी कोच के तौर पर भी काम किया है। उनके कोचिंग करियर में भारतीय महिला टीम को एशिया कप जिताना और कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल दिलाना अहम उपलब्धियां रही हैं।

वसीम जाफर समेत कई उम्मीदवारों का हुआ था इंटरव्यू

बीसीसीआई ने बताया कि पुरुष चयन समिति में नए सदस्य की नियुक्ति के लिए क्रिकेट एडवाइजरी कमिटी (सीएसी) ने पूरी चयन प्रक्रिया अपनाई। इस कमिटी में अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे शामिल थे। सीएसी ने बीसीसीआई मुख्यालय में बैठक की, जहां उम्मीदवारों के आवेदन देखे गए और इंटरव्यू लिए गए। इसके बाद सर्वसम्मति से रमेश पवार को चयन समिति में शामिल करने की सिफारिश की गई।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंटरव्यू देने वाले उम्मीदवारों में पूर्व भारतीय ओपनर वसीम जाफर का नाम भी शामिल था। जाफर समेत चार या पांच उम्मीदवारों से बातचीत की गई थी। जाफर ने भारत के लिए 31 टेस्ट और दो वनडे मैच खेले हैं। हालांकि, आखिर में सीएसी ने पवार के नाम पर सहमति जताई।

प्रज्ञान ओझा और रमेश पवार के साथ ये पांच सदस्य करेंगे टीम इंडिया का चयन

पुरुष क्रिकेट टीम की चयन समिति में अब प्रज्ञान ओझा और रमेश पवार के अलावा शिव सुंदर दास, आरपी सिंह और अजय रात्रा शामिल हैं। यह समिति भारतीय टीम के खिलाड़ियों के चयन और टीम संयोजन से जुड़े अहम फैसले लेगी। ओझा के चीफ सिलेक्टर बनने और पवार के नए सदस्य के तौर पर शामिल होने से समिति में बदलाव देखने को मिला है।

बीसीसीआई ने अजीत अगरकर के योगदान को सराहा

बीसीसीआई ने पूर्व चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर के काम की भी तारीफ की है। बोर्ड ने कहा कि जुलाई 2023 में नियुक्ति के बाद अगरकर ने भारतीय क्रिकेट के अहम दौर में चयन समिति की अगुवाई की। उनके कार्यकाल में भारतीय टीम ने तीन आईसीसी ट्रॉफी और दो एशिया कप खिताब जीते। इसके अलावा भारत ने लगातार दो एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल हासिल किए।

बोर्ड ने अगरकर की प्रतिबद्धता, मजबूत फैसले लेने की क्षमता और भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान की सराहना की। अब उनके कार्यकाल के बाद प्रज्ञान ओझा के सामने टीम इंडिया के लिए सही खिलाड़ियों का चयन करने और आने वाली प्रतियोगिताओं को ध्यान में रखते हुए मजबूत टीम तैयार करने की चुनौती होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *