अखिलेश यादव ने कहा: ‘संविधान की जीत’
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल की जमानत पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे “संविधान की जीत” बताया। अखिलेश ने सोशल मीडिया पर लिखा कि संविधान विरोधी ही संविधान का दुरुपयोग करते हैं, लेकिन न्याय के दरवाजे पर दी गई दस्तक हमेशा सुनी जाती है। उन्होंने कहा कि दुनिया इसी परंपरा पर चली है और आगे भी इसी परंपरा पर चलेगी।
सुप्रीम कोर्ट ने गिरफ्तारी को अवैध नहीं माना
सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी अवैध नहीं थी। कोर्ट ने कहा कि जांच के उद्देश्य से किसी ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार करने में कोई बाधा नहीं है, जो पहले से ही किसी अन्य मामले में हिरासत में हो। हालांकि, कोर्ट ने केजरीवाल को 10 लाख रुपये के मुचलके और शर्तों पर जमानत दे दी, जिससे उनकी रिहाई का रास्ता साफ हो गया।
AAP ने फैसले को बताया ‘सच्चाई की जीत’
आम आदमी पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट से केजरीवाल को मिली जमानत को ‘सच्चाई की जीत’ करार दिया। पार्टी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर ‘सत्यमेव जयते’ लिखते हुए कहा कि यह फैसला पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है। हरियाणा में चुनाव की तैयारी कर रही AAP के लिए यह जमानत और केजरीवाल की रिहाई पार्टी को मजबूत करने में मददगार साबित होगी।
मनीष सिसोदिया ने भी जताई खुशी
AAP के पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी इस फैसले पर खुशी जताई और कहा कि झूठ और साजिशों के खिलाफ लड़ाई में सत्य की जीत हुई है। सिसोदिया ने बाबा साहेब आंबेडकर की दूरदर्शिता का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने 75 साल पहले ही आम आदमी को किसी भावी तानाशाह के मुकाबले मजबूत कर दिया था। उन्होंने इस फैसले को लोकतंत्र की जीत बताया।
राघव चड्ढा और आतिशी ने किया सुप्रीम कोर्ट का आभार व्यक्त
पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने भी सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया और न्यायालय का आभार व्यक्त किया। वहीं, दिल्ली की मंत्री आतिशी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “सत्यमेव जयते। सच को परेशान किया जा सकता है, पराजित नहीं।” उन्होंने इस फैसले को सत्य की जीत के रूप में देखा।
हरभजन सिंह ने केजरीवाल की रिहाई पर जताई खुशी
AAP के राज्यसभा सदस्य और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने भी केजरीवाल की जमानत पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि केजरीवाल की रिहाई से पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और हरियाणा में पार्टी के अभियान को नई गति मिलेगी। सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल जनता की सेवा के लिए समर्पित रहते हैं और इस जमानत से वह अपने मिशन को और मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।
