Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गुरुवार (29 अगस्त) को कानपुर नगर का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को नियुक्ति-पत्र वितरित किए और विभिन्न लोक-कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को ऋण वितरित किए। इसके अलावा, विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में भी भाग लिया।
यूपी पुलिस में 1 लाख नई नौकरियों की घोषणा
मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन में एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगले दो सालों के भीतर उत्तर प्रदेश पुलिस में 1 लाख नई नौकरियों का प्रस्ताव है। इसमें 20 प्रतिशत पदों पर बेटियों की भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस भर्ती प्रक्रिया को लेकर प्रशासन बेहद सतर्क रहेगा और किसी भी प्रकार की अनियमितता या धांधली को सख्ती से निपटा जाएगा।
पुलिस भर्ती की प्रक्रिया और सुरक्षा के कड़े उपाय
सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि यूपी पुलिस की भर्ती प्रक्रिया बहुत जल्द शुरू होगी। उन्होंने बताया कि पांच दिनों के अंदर लिखित परीक्षा होगी और इसके बाद भी किसी प्रकार की गड़बड़ी की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी ने भ्रष्टाचार की कोशिश की तो उन्हें आजीवन कारावास और संपत्ति जब्ती जैसी सजा का सामना करना पड़ सकता है।
महिलाओं की भर्ती पर जोर और समाजवादी पार्टी पर हमला
सीएम योगी ने यह भी कहा कि महिलाओं की भर्ती का उद्देश्य समाजवादी पार्टी से जुड़े तत्वों की गुंडागर्दी को समाप्त करना है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं पुलिस में शामिल होंगी, तो वे न केवल समाज के अपराधियों से निपटेंगी बल्कि समाजवादी पार्टी के समर्थकों की गुंडागर्दी को भी समाप्त करेंगी।
समाजवादी पार्टी की आलोचना और राष्ट्रीय विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी की आलोचना करते हुए कहा कि उनकी पार्टी का इतिहास काले कारनामों से भरा पड़ा है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के कारनामों को “टोपी लाल, लेकिन कारनामे काले” करार दिया। योगी ने सभी से अपील की कि वे विभाजनकारी राजनीति को छोड़कर राष्ट्रवाद की दिशा में काम करें और एक ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने में योगदान दें।
डबल इंजन सरकार का मॉडल और भविष्य की उम्मीदें
कानपुर की जनसभा में सीएम योगी ने डबल इंजन सरकार के सुरक्षा, सुशासन और विकास के मॉडल की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि जनता का वर्तमान सुरक्षित और उज्ज्वल हो तथा भविष्य नई आकांक्षाओं और उम्मीदों के साथ आगे बढ़े। डबल इंजन सरकार प्रदेश में इसी विश्वास के साथ कार्य कर रही है।
