Jammu Kashmir Encounter : उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा पर आतंकियों ने घुसपैठ की कोशिश की, जिसके परिणामस्वरूप टंगडार और मच्छल सेक्टर में दो अलग-अलग मुठभेड़ों में तीन आतंकवादी मारे गए हैं। गुरुवार को कुपवाड़ा के कुमकाडी इलाके और तंगधार सेक्टर में चल रहे घुसपैठ रोधी अभियानों के दौरान सेना ने तीन आतंकवादियों को ढेर कर दिया। कुमकाडी इलाके में दो और तंगधार इलाके में एक आतंकी मारा गया है।
सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन
28 अगस्त की रात 9:30 बजे, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने खेड़ी मोहरा, लाठी और दंथल क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। लगभग 11:45 बजे आतंकियों से संपर्क स्थापित हुआ और इसके बाद खेड़ी मोहरा इलाके में आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई। फायरिंग सुबह 6 बजे तक रुक-रुक कर जारी रही। सुरक्षा बलों को इलाके में दो से तीन आतंकियों के छिपे होने की आशंका है। फिलहाल, क्षेत्र को पूरी तरह से घेर लिया गया है और ऑपरेशन जारी है। सुरक्षा बलों द्वारा स्थिति की निगरानी की जा रही है और इलाके में शांति बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच दहशतगर्दों की गतिविधियों में वृद्धि देखने को मिली है, जिसे रोकने के लिए सुरक्षा बल पूरी तत्परता के साथ काम कर रहे हैं।
जम्मू-कश्मीर में बढ़ गई हैं आतंकी वारदातें
9 जून को रियासी हमले के बाद से ही जम्मू और कश्मीर में आतंकी घटनाएं बढ़ गई हैं। उस दौरान शिवखोड़ी से आ रही एक बस को आतंकियों ने निशाना बनाया। इस आतंकी वारदात में 9 श्रद्धालुओं की जान गई थी, जबकि 41 श्रद्धालु घायल हो गए थे। 11 जून को जम्मू संभाग के कठुआ के अंतर्गत एक गांव में आतंकियों ने हमला किया।
