UP Police Constable Recruitment:सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान सुरक्षा प्रबंध कड़े किए गए हैं। उप्र पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड ने आदेश दिया है कि परीक्षा के शुरू होने से आधे घंटे पहले परीक्षा केंद्र में प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को अनुमति नहीं दी जाएगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा के केंद्र पर कम से कम दो घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य है। खासतौर पर, जिन अभ्यर्थियों ने अपने आवेदन पत्र में आधार कार्ड का नंबर नहीं भरा है, उन्हें यह समय सीमा का पालन करना होगा ताकि उनके सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।
आधार कार्ड या पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य
अभ्यर्थियों को केवल नीला/काला बॉल पेन ले जाने की अनुमति होगी। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड/पहचान पत्र (ई-आधार, डीएल, पासपोर्ट) लेकर आना होगा। भर्ती बोर्ड की वेबसाइट पर शुक्रवार शाम पांच बजे सभी अभ्यर्थियों की परीक्षा की तिथि व परीक्षा के जिले की सूचना अपलोड कर दी जाएगी। प्रवेश पत्र परीक्षा की निर्धारित तिथि से तीन दिन पूर्व भर्ती की बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा।
फरवरी में लीक हो गया था पेपर
सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा 18 व 19 फरवरी को दो-दो पालियों में हुई थी, जिसका पेपर लीक हो गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर परीक्षा निरस्त कर दी गई थी। भर्ती बोर्ड दोबारा लिखित परीक्षा करा रहा है। इस बार पांच दिनों में 10 पालियों में परीक्षा कराई जा रही है।
